Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Kerala Cargo Ship Fire: केरल तट के पास मालवाहक जहाज में लगी आग, 4 लापता, 18 को बचाया गया; समुद्र में गिरे कई कंटेनर, देखें VIDEO

Kerala Cargo Ship Fire
X

Kerala Cargo Ship Fire

Kerala Cargo Ship Fire: कोझिकोड/अरब सागर। सोमवार सुबह केरल तट के पास अरब सागर में एक बड़े विदेशी मालवाहक जहाज में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा कोझिकोड तट से करीब 40 समुद्री मील दूर हुआ। जहाज पर विस्फोट और आग की कई घटनाओं के बाद 22 में से 18 कर्मी समुद्र में कूद गए, जिन्हें भारतीय तटरक्षक बल ने सफलतापूर्वक बचा लिया, जबकि 4 लोग अभी भी लापता हैं। जहाज अब भी डूबा नहीं है, लेकिन स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

Kerala Cargo Ship Fire: बचाव अभियान में जुटी भारतीय तटरक्षक टीम

भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने आपात स्थिति को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए बचाव पोतों और हेलीकॉप्टरों को तैनात किया। तटरक्षक दल ने 18 कर्मियों को समुद्र से सुरक्षित निकालकर बचाव नौकाओं के जरिए तट पर पहुंचाया। कोस्ट गार्ड के अनुसार, जहाज संभवतः सिंगापुर ध्वज वाला है और मुंबई की ओर बढ़ रहा था।

Kerala Cargo Ship Fire: समुद्र में गिरे 20 कंटेनर, पर्यावरण को खतरा

आग और धमाकों की वजह से करीब 20 कंटेनर समुद्र में गिर गए, जिनमें से कुछ में संभावित रूप से खतरनाक पदार्थ होने की आशंका है। इससे समुद्री जीवन और तटीय पारिस्थितिकी तंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। तटरक्षक बल ने स्थिति की निगरानी के लिए क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है और कंटेनरों की पहचान व पुनर्प्राप्ति के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Kerala Cargo Ship Fire: केरल सरकार ने जारी किए अलर्ट

केरल के मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) को निर्देश दिया है कि वह एर्नाकुलम और कोझिकोड के जिला कलेक्टरों को आवश्यक तैयारी के निर्देश दें। यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि अगर जहाज के अन्य कर्मियों को तट पर लाया जाए, तो उन्हें तत्काल चिकित्सीय और राहत सेवाएं मिलें। स्थानीय अस्पतालों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Kerala Cargo Ship Fire: स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह

संभावित खतरे को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में रहने वाले मछुआरों और स्थानीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। KSDMA ने मरीन और पर्यावरण विशेषज्ञों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखनी शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019