Jharkhand News : पुलिस पिकेट में गूंजी गोली की आवाज, सैप सूबेदार ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली
पलामू के डगरा पुलिस पिकेट में ड्यूटी के दौरान हुई घटना, गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे जवानों ने सूबेदार बुचुन पाल को मृत पाया; आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

Jharkhand News : पलामू। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डगरा पुलिस पिकेट में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पिकेट में तैनात सैप के सूबेदार बुचुन पाल की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उन्होंने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी।
गोली की आवाज सुनकर पिकेट में मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां बुचुन पाल गंभीर हालत में पड़े मिले, लेकिन जांच के दौरान उनकी मौत की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बुचुन पाल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
सूबेदार की मौत से पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह सामने आने की बात कही जा रही है।


