Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand Crime : चांडिल में थाने के पास सनसनीखेज डकैती, परिवार को बंधक बनाकर लूटे जेवर

7-8 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व आभूषण कारोबारी के घर को बनाया निशाना, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी।

Jharkhand Crime : चांडिल में थाने के पास सनसनीखेज डकैती, परिवार को बंधक बनाकर लूटे जेवर
X

Jharkhand Crime : सरायकेला-खरसावां। झारखंड के चांडिल में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए हथियारबंद बदमाशों ने थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बस स्टैंड के पास पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर में घुसे 7-8 नकाबपोश अपराधियों ने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

आधी रात घर में घुसे हथियारबंद बदमाश

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब एक से ढाई बजे के बीच 7-8 नकाबपोश अपराधी मुख्य रास्ते से सुरेश चौधरी के घर में दाखिल हुए। सभी ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिजनों पर बंदूक और धारदार हथियार तान दिए और पूरे परिवार को बंधक बना लिया।

इसके बाद अपराधियों ने घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली और वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कई साल पहले बंद हो चुका था आभूषण का कारोबार

पीड़ित सुरेश चौधरी के बेटे उमंग चौधरी ने बताया कि उनके पिता चांडिल बाजार में आभूषण का कारोबार करते थे, लेकिन कुछ साल पहले ही कारोबार बंद कर दिया गया था। इसके बावजूद परिवार के आभूषण घर में रखे हुए थे, जिन्हें बदमाश लूटकर ले गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

चांडिल थाने से इतनी कम दूरी पर हुई डकैती के बाद स्थानीय लोगों और कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। थाना प्रभारी संतन तिवारी के अनुसार, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019