Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Jharkhand Crime : बैंक से ATM तक कैश पहुंचाने निकला कर्मचारी बना लूट का शिकार, बाइक से गिराकर 21.40 लाख लेकर भागे बदमाश

बोकारो के मनसा सिंह गेट के पास पल्सर सवार दो हेलमेटधारी बदमाशों ने कंपनीकर्मी को धक्का देकर गिराया और कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए, पुलिस जांच में जुटी।

Jharkhand Crime : बैंक से ATM तक कैश पहुंचाने निकला कर्मचारी बना लूट का शिकार, बाइक से गिराकर 21.40 लाख लेकर भागे बदमाश
X

Jharkhand Crime : बोकारो। झारखंड के बोकारो में शनिवार दोपहर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। माराफारी थाना क्षेत्र के मनसा सिंह गेट के पास पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने एटीएम में कैश डालने जा रहे निजी कंपनी के कर्मचारी को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में 21 लाख 40 हजार रुपये थे। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, चास की रामनगर कॉलोनी निवासी विजय कुमार हिटाची पेमेंट सर्विसेज में कार्यरत हैं। शनिवार को वह नया मोड़ स्थित एक्सिस बैंक से 21.40 लाख रुपये लेकर बालीडीह क्षेत्र के कुर्मीडीह स्थित कंपनी के एटीएम में कैश जमा करने जा रहे थे। वह अकेले बाइक से निकले थे। इसी दौरान मनसा सिंह गेट के पास पीछे से आए पल्सर सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का मारकर गिरा दिया। विजय संभल पाते, उससे पहले ही बदमाश कैश से भरा बैग लेकर भाग निकले।

हेलमेट पहनकर आए थे बदमाश

पीड़ित विजय कुमार के अनुसार, उन्हें अंदाजा नहीं था कि कोई उनका पीछा कर रहा है। अचानक हुए हमले के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों से सुराग जुटाकर उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में लगी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कंपनीकर्मी इतनी बड़ी रकम अकेले बाइक से ले जा रहा था। उसके साथ कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था और कैश ले जाने की सूचना पुलिस को भी नहीं दी गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम के परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था का पालन क्यों नहीं किया गया।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस ने लूट में शामिल दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों से मिलने वाले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल 21.40 लाख रुपये की बरामदगी और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019