नई दिल्ली: ISRO Mission Chandrayaan-5: भारत के अंतरिक्ष मिशन में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख वी. नारायणन ने घोषणा की है कि केंद्र सरकार ने चंद्रयान-5 मिशन को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भारत अकेला नहीं होगा, बल्कि जापान के साथ मिलकर चांद की सतह का गहन अध्ययन करेगा।
250 किलो का रोवर करेगा चंद्रमा की सतह का अध्ययन
इस मिशन के तहत ISRO चंद्रमा पर 250 किलोग्राम वजनी रोवर भेजेगा, जो वहां के वातावरण और सतह का विस्तृत अध्ययन करेगा। खास बात यह है कि चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर का वजन सिर्फ 25 किलोग्राम था, जबकि इस बार इससे दस गुना भारी रोवर भेजा जाएगा। इससे वैज्ञानिकों को ज्यादा सटीक और विस्तृत डेटा मिलने की उम्मीद है।
ISRO Mission Chandrayaan-5: इसरो की चंद्रयान यात्रा: सफलता की कहानी
इसरो अब तक तीन सफल चंद्रयान मिशन पूरे कर चुका है:
- चंद्रयान-1 (2008): चंद्रमा पर पानी के अणुओं की मौजूदगी का पता लगाया और खनिजों की खोज की।
- चंद्रयान-2 (2019): हालांकि इसका लैंडर सॉफ्ट लैंडिंग में असफल रहा, फिर भी ऑर्बिटर ने कई महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए और उसका हाई-रिजोल्यूशन कैमरा अभी भी चांद की तस्वीरें भेज रहा है।
- चंद्रयान-3 (2023): चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर मिट्टी और पर्यावरण का अध्ययन किया।
चंद्रयान-5: जापान के साथ बड़ी साझेदारी
ISRO प्रमुख ने बताया कि चंद्रयान-5 मिशन को जापान के सहयोग से अंजाम दिया जाएगा, जिससे इस अभियान में तकनीकी क्षमता और सुदृढ़ होगी। इससे पहले चंद्रयान-4 मिशन 2027 में लॉन्च होने की संभावना है, जिसका उद्देश्य चंद्रमा से नमूने लाना होगा।
ISRO Mission Chandrayaan-5: ISRO की भविष्य की योजनाएं
चंद्रयान-5 के अलावा ISRO कई और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम कर रहा है:
- गगनयान मिशन: भारत का पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन।
- स्वदेशी अंतरिक्ष स्टेशन: भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की योजना है।
- स्पैडेक्स (Space Docking Experiment): हाल ही में इसरो ने स्पैडेक्स का सफल परीक्षण किया, जो भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए बेहद अहम साबित होगा।
चंद्रयान-5 मिशन के साथ भारत एक बार फिर अंतरिक्ष में अपनी क्षमता का लोहा मनवाने की ओर बढ़ रहा है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि यह मिशन चंद्रमा पर मौजूद खनिज, पर्यावरण और अन्य रहस्यों पर नई रोशनी डालेगा।