Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

T20 World Cup 2026 के सेमीफाइनल मैचों के लिए ICC का बड़ा ऐलान, भारत के इस अंपायर को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Asian News
T20 World Cup 2026
X

T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026 : नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मैचों के लिए आईसीसी ने मैच अधिकारियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में भारत के अनुभवी अंपायर नितिन मेनन को भी जगह दी गई है, जिससे भारतीय क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब केवल तीन मैच बाकी रह गए हैं, जिनमें दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबला शामिल है। सेमीफाइनल मैच 4 और 5 मार्च को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

कोलकाता और मुंबई में होंगे सेमीफाइनल मुकाबले

सेमीफाइनल-1 का मुकाबला 4 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान पर साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस मैच के लिए रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ को ऑनफील्ड अंपायर नियुक्त किया गया है। भारतीय अंपायर नितिन मेनन को थर्ड अंपायर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रॉड टकर फोर्थ अंपायर और जवागल श्रीनाथ को मैच रेफरी बनाया गया है।

सेमीफाइनल-2 5 मार्च को मुंबई में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में क्रिस गैफनी और अल्लाहुद्दीन पालेकर ऑनफील्ड अंपायर होंगे। एड्रियन होल्डस्टॉक को थर्ड अंपायर, पॉल रीफेल को फोर्थ अंपायर और एंडी पायक्रॉफ्ट को मैच रेफरी नियुक्त किया गया है।

टीमों का सेमीफाइनल तक का सफर

साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के ग्रुप-1 में लगातार तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। भारतीय टीम ने तीन में से दो मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने तीनों मैच जीतकर टॉप स्थान हासिल किया। वहीं न्यूजीलैंड ने तीन में से एक मैच जीता और एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे उसके खाते में 3 अंक रहे। पाकिस्तान की टीम भी 3 अंक हासिल करने में सफल रही, लेकिन कम नेट रन रेट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

टूर्नामेंट के फाइनल का इंतजार

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां चार मजबूत टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी और विश्व कप की ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेंगी।

भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल

नितिन मेनन को एलीट पैनल में शामिल किया जाना भारतीय क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। उनके अनुभव और फैसले लेने की क्षमता को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019