Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UGC-NET 2026: दोबारा होगी UGC NET 2026 अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा, सितंबर में नई तारीखें तय

UGC-NET 2026: दोबारा होगी UGC NET 2026 अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा, सितंबर में नई तारीखें तय
X

UGC-NET 2026: नई दिल्ली। UGC-NET जून 2026 परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने बड़ा फैसला लिया है। अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी। इन तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों की जांच के लिए गठित समिति ने प्रश्नों में तथ्यात्मक, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी कई गंभीर खामियां पाई हैं। NTA के अनुसार, इन त्रुटियों को देखते हुए केवल कुछ प्रश्न हटाकर या उत्तर कुंजी में बदलाव करके समस्या का समाधान संभव नहीं था।

सितंबर में होगी दोबारा परीक्षा

NTA ने इन तीनों विषयों के लिए री-टेस्ट की तारीखें भी तय कर दी हैं। दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा शहर, परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी NTA की ओर से बाद में जारी की जाएगी।

अंग्रेजी:- 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक

कॉमर्स:- 9 सितंबर 2026, शिफ्ट-2, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक

समाजशास्त्र:- 10 सितंबर 2026, शिफ्ट-1, सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक

प्रश्नपत्रों में मिलीं कई खामियां

जांच समिति की रिपोर्ट में प्रश्नपत्रों में कई तरह की त्रुटियां सामने आईं। इनमें नामों की गलत वर्तनी, किताबों के शीर्षकों में गड़बड़ी, व्याकरण संबंधी गलतियां, लिंग और वचन की त्रुटियां, विराम चिह्नों की गलतियां और स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक शब्दों का इस्तेमाल शामिल है।

इसके अलावा कुछ प्रश्नों में अनुवाद संबंधी समस्याएं भी पाई गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई प्रश्न पिछली परीक्षाओं में पूछे गए प्रश्नों से हूबहू या बेहद समान पाए गए। समिति ने इन खामियों को देखते हुए निष्पक्ष और त्रुटिरहित परीक्षा के लिए तीनों विषयों का दोबारा आयोजन कराने की सिफारिश की थी।

बाकी 84 विषयों के परिणाम पर असर नहीं

NTA ने स्पष्ट किया है कि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र को छोड़कर बाकी 84 विषयों की परिणाम प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी। इन विषयों के परिणाम, जेआरएफ सीटों का आवंटन और असिस्टेंट प्रोफेसर तथा पीएचडी दाखिले के लिए पात्रता ई-सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

तीनों विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता में क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों की संख्या जून परीक्षा और री-टेस्ट में शामिल उम्मीदवारों में से जिस समूह की संख्या अधिक होगी, उसके आधार पर 6 प्रतिशत नियम के तहत निर्धारित की जाएगी।

22 से 30 जून के बीच हुई थी परीक्षा

UGC-NET जून 2026 परीक्षा का आयोजन 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए किया गया था। परीक्षा जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर पद की पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों को लेकर उम्मीदवारों की ओर से मिली शिकायतों के बाद NTA ने जांच समिति गठित की थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर अब इन तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019