Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

UAE: कैप्टन स्मित मच्छार से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान, कहा- हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं

अबूधाबी में चल रहा इलाज

UAE: कैप्टन स्मित मच्छार से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान, कहा- हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं
X

UAE: नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हालत में सुधार हो रहा है। अबूधाबी के अस्पताल में उनका इलाज जारी है। भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि स्मित अच्छी तरह ठीक हो रहे हैं और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। दूतावास परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।

दुबई क्राउन प्रिंस ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात

दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने अस्पताल जाकर स्मित से मुलाकात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साहस की सराहना की।

कॉकपिट में सह-पायलट ने किया हमला

30 सितंबर को फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। यूएई के अटॉर्नी जनरल के मुताबिक, ओमान के नागरिक सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में क्रैश ऐक्स से कैप्टन स्मित पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की। यूएई ने घटना को कथित आतंकवादी कृत्य बताया है, जबकि मकसद की जांच जारी है।

विमान ने तेजी से खोई ऊंचाई

हमले के दौरान विमान ने तेजी से ऊंचाई खोई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया। बाद में स्मित को अबूधाबी लाया गया।

पीएम मोदी से भी हुई बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मित से फोन पर बातचीत की। पायलट ने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनका संकल्प था कि वह विमान में सवार लोगों को नुकसान नहीं होने देंगे। उन्होंने मुश्किल समय में हनुमान चालीसा का पाठ करने की बात भी कही।

जांच जारी, मकसद का पता लगाया जा रहा

यूएई की जांच एजेंसियां हमले के कारण, मकसद और संभावित संपर्कों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक तकनीकी और डिजिटल सबूतों की भी जांच होगी। फिलहाल जांच पूरी होने तक घटना के पीछे की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019