Tiger Shroff Firing Case: टारगेट पर थे अमिताभ-सलमान, आमिर और अक्षय… टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले क्यों बदला प्लान? लॉरेंस गैंग की साजिश का खुलासा
Tiger Shroff firing case: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर और अक्षय कुमार भी थे टारगेट पर। सुरक्षा कारणों से बदली योजना। पढ़ें पूरी अपडेट।

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर पर हुई फायरिंग के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। मुंबई पुलिस और दिल्ली स्पेशल सेल की जांच में पता चला है कि लॉरेंस गैंग के निशाने पर सिर्फ टाइगर श्रॉफ ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के चार और दिग्गज कलाकार थे। कड़ी सुरक्षा के चलते प्लान बदलना पड़ा और अंततः टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया।
इन दिग्गजों के घरों की हुई थी रेकी
जांच में खुलासा हुआ है कि लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित ने बॉलीवुड के बड़े सितारों को टारगेट करने का निर्देश दिया था। शूटर्स ने मेगास्टार अमिताभ बच्चन, दबंग खान सलमान खान, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार के आवासों की गहन रेकी की थी।
आरोपियों ने इन सितारों के घरों के वीडियो बनाकर गैंगस्टर अनिल पंडित को भी भेजे थे। हालांकि, इन दिग्गजों के घरों के बाहर मौजूद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता सिक्योरिटी को देखते हुए शूटर्स को अपनी योजना में बदलाव करना पड़ा।
दो महीने से चल रही थी साजिश, 4 और गिरफ्तारियां
टाइगर श्रॉफ पर हमले की यह साजिश पिछले दो महीनों से रची जा रही थी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार और नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल (21) और सुमित (19) के अलावा उत्तर प्रदेश के सीतापुर की राधा और आजमगढ़ की बबीता शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया है कि कुनाल ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस का इंतजाम किया था।
इसके बाद, राधा और बबीता के जरिए इन हथियारों को 17 अक्टूबर को दिल्ली से मुंबई लाकर शूटर्स तक पहुंचाया गया था। चारों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद मुंबई पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया है।
आज कोर्ट में पेश किए जाएंगे मुख्य आरोपी
इससे पहले, वारदात के महज 15 घंटे के भीतर ही पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से धर दबोचा था। ये तीनों आरोपी बिहार के बेगूसराय का रहने वाला रितिक और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान व फूल सिंह वारदात को अंजाम देने के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे।
कोटा से मुंबई लाए गए इन तीनों आरोपियों का जीटी अस्पताल में मेडिकल मुआयना कराया जा चुका है। आज इन्हें मुंबई की किला कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल सभी आरोपी मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल की कस्टडी में हैं, जहां उनसे गैंग के अन्य संपर्कों को लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस कोर्ट से आरोपियों की रिमांड बढ़ाने की मांग कर सकती है।


