Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

नए साल से 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म होगा: टिकट पर नहीं लगेगा अतिरिक्त चार्ज, कई के नंबर भी बदलेंगे, जानिए

18 सुपरफास्ट ट्रेनें बनेंगी एक्सप्रेस

नए साल से 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म होगा: टिकट पर नहीं लगेगा अतिरिक्त चार्ज, कई के नंबर भी बदलेंगे, जानिए
X

नई दिल्ली: नए साल में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। 1 जनवरी 2027 से 18 ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा खत्म कर उन्हें सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में चलाया जाएगा। इनमें सप्तक्रांति, मगध, पूर्णागिरि जनशताब्दी और नैनी जनशताब्दी जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इस बदलाव से यात्रियों को टिकट पर लगने वाले अतिरिक्त सुपरफास्ट चार्ज से राहत मिलेगी। साथ ही कई ट्रेनों के नंबर भी बदल जाएंगे।

55 किमी प्रति घंटे से कम मिली रफ्तार

रेलवे के नियमों के मुताबिक सुपरफास्ट श्रेणी में बने रहने के लिए ट्रेन की दोनों दिशाओं में औसत गति कम से कम 55 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए। वार्षिक समीक्षा में कुछ ट्रेनों की औसत रफ्तार इस मानक से कम पाई गई। रेलवे रूट पर बढ़ता ट्रैफिक, नए स्टॉपेज और परिचालन में देरी इसकी वजह माने जा रहे हैं।

स्लीपर में 30 और AC में 45 रुपए की बचत

सुपरफास्ट दर्जा खत्म होने के बाद यात्रियों को अतिरिक्त सरचार्ज नहीं देना होगा। स्लीपर क्लास में 30 रुपए और AC चेयरकार, थर्ड AC, थर्ड AC इकोनॉमी और सेकंड AC में 45 रुपए की बचत होगी। अन्य श्रेणियों में लागू शुल्क की जानकारी टिकट बुकिंग के समय देखनी होगी।

इन ट्रेनों का सुपरफास्ट दर्जा होगा खत्म

रेलवे के इस फैसले से सप्तक्रांति एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, दरभंगा-अंत्योदय एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस, नैनी जनशताब्दी एक्सप्रेस और कार्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस प्रभावित होंगी। इसके अलावा श्रमजीवी एक्सप्रेस और राजगीर-नई दिल्ली एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें भी इस बदलाव की सूची में शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों को सुपरफास्ट श्रेणी से हटाकर सामान्य एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को अतिरिक्त सुपरफास्ट चार्ज नहीं देना होगा।

मध्य रेलवे की इन ट्रेनों के नंबर भी बदलेंगे

मध्य रेलवे की नौ ट्रेनों के नंबरों में भी बदलाव किया गया है। इनमें हिंगोली डेक्कन जनशताब्दी, प्रगति एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस, बनारस एक्सप्रेस, तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस, करमाली एसी एक्सप्रेस और पुणे-काजीपेट एक्सप्रेस शामिल हैं। यात्रियों को नए साल से इन ट्रेनों की टिकट बुकिंग और यात्रा की जानकारी लेते समय नए नंबरों का ध्यान रखना होगा।

यात्रा से पहले NTES और IRCTC पर जांचें जानकारी

ट्रेन नंबर बदलने से टिकट बुकिंग और ट्रेन सर्च करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए यात्रियों को यात्रा से पहले NTES ऐप या IRCTC की वेबसाइट पर नया नंबर, समय-सारणी और स्टॉपेज जरूर जांच लेना चाहिए।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019