Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

shambhu-border: शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा, दिल्ली कूच की तैयारी, भारी संख्या में पुलिस तैनात

shambhu-border: शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा, दिल्ली कूच की तैयारी, भारी संख्या में पुलिस तैनात
X

चंडीगढ़/शंभू बॉर्डर। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के विरोध में पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों के हजारों किसान मंगलवार को दिल्ली कूच की तैयारी के लिए शंभू बॉर्डर पर जुटने लगे। किसानों की प्रमुख मांग प्रस्तावित भारत-अमेरिका FTA को रद्द करने की है। उनका कहना है कि इस समझौते से भारतीय कृषि, डेयरी क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने शंभू बॉर्डर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा-163 लागू कर दी गई है। सीमा के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंगा-रोधी उपकरणों से लैस जवान तैनात किए गए हैं।

इससे पहले सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी को दिल्ली में प्रस्तावित किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए जाते समय हरियाणा पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस कार्रवाई के बाद किसान संगठनों में नाराजगी देखी गई।

किसान संगठनों के अनुसार अमृतसर, गुरदासपुर और अन्य जिलों से किसान जत्थे शंभू बॉर्डर के रास्ते दिल्ली पहुंचने की तैयारी में हैं। प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा के नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है। किसान नेता सरवन सिंह पंढेर भी आंदोलन में हिस्सा लेंगे।

किसानों का कहना है कि यदि भारत-अमेरिका FTA लागू होता है तो विदेशी कृषि और डेयरी उत्पाद भारतीय बाजार में बड़ी मात्रा में प्रवेश करेंगे, जिससे घरेलू किसानों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। उनका दावा है कि इससे किसानों की आय प्रभावित होगी और कई छोटे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019