Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Samruddhi Expressway Accident: समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 7 श्रद्धालुओं की मौत,देवी दुर्गा की मूर्ति लेकर लौट रहे वापस

Samruddhi Expressway Accident: समृद्धि एक्सप्रेसवे पर धामनगांव रेलवे के पास ट्रक ने श्रद्धालुओं की पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोगों की मौत और 19 घायल हुए हैं।

Samruddhi Expressway Accident: समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, 7 श्रद्धालुओं की मौत,देवी दुर्गा की मूर्ति लेकर लौट रहे वापस
X

वर्धा। महाराष्ट्र के वर्धा के पास समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धामनगांव रेलवे इलाके में चैनल नंबर 97 के पास तेज रफ्तार 16 पहियों वाले ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि वर्धा के श्रद्धालु शेगांव से देवी दुर्गा की मूर्ति लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान समृद्धि एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हुआ।

पीछे से आए 16 पहियों वाले ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं ने सफर के लिए बोलेरो पिकअप का इस्तेमाल किया था। पिकअप के पीछे एक ट्रॉली भी लगी हुई थी।

रात के समय पिकअप समृद्धि एक्सप्रेसवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे 16 पहियों वाले ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद पिकअप में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पांच लोगों की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में दम तोड़ा

हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दत्ता कुरसंगे (55) प्रवीण बाकने (50) घनश्याम पाटिल (60) गोलू उर्फ सचिन बादलमवार (38) ओम गावंडे (22) के रूप में हुई है। जबकि इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। इन दोनों मृतकों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

हादसे में घायल 19 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। शुरुआत में गंभीर घायलों को धामनगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए सावंगी मेघे के अस्पताल में रेफर किया गया।

शेगांव से लौट रहे थे श्रद्धालु

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु शेगांव से देवी दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।

हादसे की खबर फैलते ही वर्धा और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। एक धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019