वोट चोरी और SIR को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन जारी, राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार जाएंगे, यह सरकार जाएगी: फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत
राहुल ने पीएम मोदी पर लगाए आरोप

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'ज्ञानेश कुमार जाएंगे। यह सरकार जाएगी। फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत।' उनका यह बयान मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच आया है।
राष्ट्रपति से मिले विपक्षी नेता
शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
राहुल ने पीएम मोदी पर लगाए आरोप
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी हो रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके मुख्य सूत्रधार हैं, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इसे अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को आगे भी उठाता रहेगा।
ज्ञानेश कुमार जाएँगे।
यह सरकार जाएगी।
फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत। 🇮🇳 https://t.co/spGmBxgXLn
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 10, 2026
12 अक्टूबर को CJI को सौंपेंगे ज्ञापन
राहुल गांधी ने बताया कि 12 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इससे पहले विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च निकाला था, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
SIR पर रोक और बैलेट पेपर से चुनाव की मांग
विपक्षी दल SIR पर रोक लगाने, मतदाता सूची से हटाए गए नामों को बहाल करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव से लोगों के मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। राहुल गांधी के ताजा बयान से चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष का विरोध एक बार फिर चर्चा में है।


