प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला, अपने सभी अंग किए दान, मरणोपरांत भी धड़कता रहेगा दिल
रेखा गुप्ता ने अंगदान का लिया संकल्प...

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंगदान का संकल्प लिया। उन्होंने दिल्ली के नए स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) प्लेटफॉर्म पर खुद को पहला डोनर रजिस्टर कराया और प्रमाण पत्र लिया।
दिल, लीवर, किडनी समेत कई अंग दान
मुख्यमंत्री ने मरणोपरांत दिल, आंत, अग्नाशय, लीवर, किडनी, फेफड़े, हाथ और आंख की कॉर्निया दान करने की बात कही। इसके अलावा हड्डियां, हार्ट वाल्व, त्वचा, कार्टिलेज, लिगामेंट, टेंडन, रक्त वाहिकाएं और एमनियन जैसे ऊतक भी दान करने का संकल्प लिया।
बोलीं- शरीर जनसेवा के काम आए
रेखा गुप्ता ने कहा, "मरणोपरांत सिर्फ अपने अंग नहीं बल्कि पूरी बॉडी को दान करने का प्रण मैंने बहुत पहले लिया था लेकिन आज उसे आधिकारिक तौर पर दिल्ली सरकार के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर डोनर बनकर अपना सर्टिफिकेट लिया है। ईश्वर ने हमें ये शरीर दिया है लेकिन हमारे मरने के बाद भी ये जनसेवा के काम आए, ऐसे प्रण हम लेते हैं।"
छात्रों का गीत भी लॉन्च किया
PM मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों के छात्रों द्वारा तैयार गीत लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि बच्चों ने इस अवसर के लिए सुंदर गीत तैयार किया है और कई बच्चों ने प्रधानमंत्री के लिए कार्ड भी बनाए हैं।
मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
रेखा गुप्ता ने नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी जी एक ऐसे जनसेवक हैं जिन्होंने बिना रुके, बिना थके, 25 सालों तक निरंतर देश की सेवा की है।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन जनसेवा की प्रेरणा देता है।


