Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Nepal Rain Disaster: नेपाल में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड और एवलांच में 14 की मौत; 12 लोग अब भी लापता

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। देश के कई हिस्सों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में अब तक कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

Nepal Rain Disaster: नेपाल में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड और एवलांच में 14 की मौत; 12 लोग अब भी लापता
X

काठमांडू। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। देश के कई हिस्सों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में अब तक कम से कम 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 से ज्यादा लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय टीमें मिलकर मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रही हैं।


बागलुंग में लैंडस्लाइड से 10 लोगों की मौत

भारी बारिश के बीच नेपाल के बागलुंग जिले में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। तमनखोला, निसीखोला और ताराखोला ग्रामीण नगर पालिका क्षेत्रों में हुए लैंडस्लाइड से घरों और अन्य ढांचों को नुकसान पहुंचा है।

अधिकारियों के मुताबिक, बागलुंग में भूस्खलन की घटनाओं में 10 लोगों की मौत हुई है। कई इलाकों में मलबा हटाने का काम जारी है और प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाई जा रही है।


हिमलुंग हिमाल में एवलांच, 4 शव बरामद

नेपाल के मनांग जिले में स्थित हिमलुंग हिमाल चोटी पर भी हिमस्खलन ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को नार फू क्षेत्र में 7,126 मीटर ऊंची चोटी के बेस कैंप के पास एवलांच आया, जिसमें एक टेंट दब गया।

इस हादसे में पर्वतारोहियों और सपोर्ट स्टाफ के कई लोग प्रभावित हुए। रेस्क्यू टीम ने अब तक 4 शव बरामद किए हैं, जबकि 12 लोग अभी भी लापता हैं।

नेपाल नेशनल माउंटेन गाइड एसोसिएशन की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। खराब मौसम और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद बचाव कार्य जारी है।

नदियां उफान पर, कई इलाकों में बढ़ा खतरा

लगातार बारिश के कारण नेपाल की कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। नारायणी नदी का पानी चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंचने के बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई प्रमुख सड़कों पर भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। हाईवे के कई हिस्सों पर आवाजाही बाधित होने की जानकारी सामने आई है।

राहत और बचाव अभियान तेज

नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज कर दिए हैं। रेस्क्यू टीमों को मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में लगाया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। वहीं, प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019