Lalit Modi: ललित मोदी को 16 साल पुराने FEMA मामले में राहत, जल्द लौट सकते हैं भारत

Lalit Modi: नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी को 2009 आईपीएल से जुड़े FEMA (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट (SAFEMA) के तहत अपीलीय न्यायाधिकरण ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से लगाए गए अधिकांश जुर्माने और आरोपों को रद्द कर दिया है। इसके बाद ललित मोदी ने करीब 16 साल बाद भारत लौटने की इच्छा जताई है।
16 साल बाद मिली राहत
ललित मोदी ने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने 16 वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ी और अब सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद हमेशा आईपीएल के हित में काम करना था और अब वह अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं।
क्या था पूरा मामला?
साल 2009 में लोकसभा चुनाव के कारण आईपीएल का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में कराया गया था। ईडी का आरोप था कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए करीब 4.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की अनुमति के बिना विदेश भेजे गए। हालांकि, ट्रिब्यूनल ने कहा कि इन लेनदेन को करंट अकाउंट ट्रांजैक्शन माना जाएगा और उपलब्ध रिकॉर्ड में ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है, जिससे ललित मोदी को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया जा सके।
कब लौट सकते हैं भारत?
ललित मोदी फिलहाल इंग्लैंड में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी अक्टूबर में बच्चे को जन्म देने वाली हैं। इसके बाद वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत लौटने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, ट्रिब्यूनल ने बीसीसीआई पर लगाया गया 4 करोड़ रुपये का जुर्माना बरकरार रखा है और टिकट बिक्री की राशि भारत लाने में हुई देरी को भी सही माना है।


