Jharkhand: झारखंड छात्र आंदोलन: राहुल गांधी बोले- छात्रों की मांगें जायज, CM खुद करें मुलाकात, बोले- युवा देश का भविष्य
झारखंड में छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन ...

Jharkhand: रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी बाकी चिंताओं का समाधान निकालने की अपील की है।
‘शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का मुख्य स्तंभ’
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि संविधान में दिया गया शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार लोकतंत्र के मुख्य स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना पूरा समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर आरएसएस और बीजेपी का कब्जा हो गया है और इसे छात्रों के शोषण और दमन का माध्यम बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था अब वैसी मजबूत ज्ञान-व्यवस्था नहीं रही, जैसी एक दशक पहले हुआ करती थी।
‘छात्रों की मांगें जायज हैं’
राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड में छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी मांगें जायज हैं। उन्होंने सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत शुरू किए जाने की सराहना की। हालांकि, कुछ मांगों पर सहमति बनने के बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
आज सरकार-छात्रों के बीच बैठक
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मिलने की अपील की। वहीं 16 अगस्त को पुतला दहन के बाद सरकार ने छात्रों को 17 अगस्त दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाया है। SDO और ADM लॉ एंड ऑर्डर ने इसकी जानकारी दी है। अब बैठक के नतीजे पर सभी की नजर है।


