नांदेड में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और टाटा मैजिक की टक्कर में 10 की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया..

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नांदेड जिले के भोकर तहसील स्थित सीताखंडी घाट में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक और टाटा मैजिक की आमने-सामने टक्कर में 10 लोगों की मौत की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। मृतकों में मैजिक सवार 8 और ट्रक में सवार 2 लोग बताए जा रहे हैं।
घाट के मोड़ पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक टाटा मैजिक में किराना सामान के साथ 8 से 9 यात्री नांदेड से भोकर की ओर जा रहे थे। वहीं ट्रक भोकर से नांदेड की तरफ आ रहा था। सीताखंडी घाट के एक मोड़ पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी।
मैजिक के परखच्चे उड़े
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मैजिक में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार 2 लोगों ने भी जान गंवा दी।
देर रात तक चला राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और शवों को बाहर निकालने का काम देर रात तक चलता रहा। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे की जांच शुरू कर दी है। देर रात तक मृतकों के नाम सामने नहीं आए थे।


