Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

मुंबई के बस डिपो में खड़ी इलेक्ट्रिक बस में लगी आग, 8 से 10 बसें जलने का अनुमान

दमकल ने संभाला मोर्चा

मुंबई के बस डिपो में खड़ी इलेक्ट्रिक बस में लगी आग, 8 से 10 बसें जलने का अनुमान
X

मुंबई: मुंबई के सायन स्थित प्रतीक्षानगर के आणिक बस डिपो में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां पार्किंग में खड़ी एक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक BEST बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास खड़ी दूसरी बसों को भी चपेट में ले लिया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक 8 से 10 बसें जल गई हैं। राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शाम 5:44 बजे लगी आग

अधिकारियों के मुताबिक आग शाम करीब 5:44 बजे एक खाली इलेक्ट्रिक बस में लगी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास खड़ी बसों तक पहुंच गईं। डिपो में बड़ी संख्या में बसें होने से आग फैलने का खतरा बढ़ गया था।

दमकल ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को स्तर-एक की घटना के रूप में दर्ज किया गया। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और काफी प्रयास के बाद उस पर काबू पा लिया।

आग की वजह अभी साफ नहीं

घटना के समय सभी बसें पार्किंग में खड़ी थीं और उनमें यात्री नहीं थे। इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। BEST प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। जली हुई बसों की वास्तविक संख्या और नुकसान का आकलन जांच के बाद होगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019