Elon Musk ने कबूला सच, क्यों बैन की यूक्रेन में Starlink सर्विस? खुद किया बड़ा खुलासा
Russia Ukraine War: एलन मस्क ने स्वीकार किया कि यूक्रेन में Starlink इंटरनेट सेवाओं को ड्रोन हमलों के कारण प्रतिबंधित किया गया था। जानें पूरी खबर और मस्क का बड़ा बयान।

नई दिल्ली/कीव। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष के बीच टेक दिग्गज एलन मस्क ने एक बड़ा खुलासा किया है। मस्क ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने यूक्रेन में स्टारलिंक (Starlink) सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को सीमित या प्रतिबंधित करने का फैसला लिया था।
बता दें कि, यूक्रेनी सेना रूसी हमलों का मुकाबला करने के लिए बड़े पैमाने पर इसी सैटेलाइट इंटरनेट पर निर्भर है। मस्क का यह बयान तब सामने आया है जब कीव में इस सेवा की पहुंच को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है।
ड्रोन हमलों के इस्तेमाल पर जताई आपत्ति
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एलन मस्क ने स्पष्ट किया कि स्टारलिंक एक कमर्शियल और सिविलियन सर्विस है। इसका इस्तेमाल इंसानों को मारने वाले आक्रामक ड्रोन हमलों के लिए किया जाना न तो कभी स्वीकार्य रहा है और न ही भविष्य में होना चाहिए।
यूक्रेन का दावा- मोर्चे पर बाधित हुए सैन्य अभियान
इससे पहले पिछले हफ्ते यूक्रेन की ओर से दावा किया गया था कि स्टारलिंक और इसके सैन्य वर्जन 'स्टारशील्ड' तक उसकी पहुंच को अचानक सीमित कर दिया गया है। इससे फ्रंटलाइन पर इंटरनेट की रफ्तार बेहद धीमी हो गई और पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से सैन्य ऑपरेशन्स पर बुरा असर पड़ रहा है।
इस घटनाक्रम पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने गहरी नाराजगी जताई थी। हालांकि, शुरुआती खबरों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मामले पर तुरंत फोन करने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने कहा था कि अगर यह समस्या बनी रही तो वह इस पर एलन मस्क से बातचीत करेंगे।
मिलिट्री वर्जन 'Starshield' पर क्या बोले मस्क?
मस्क ने स्पष्ट किया कि जहां तक सैन्य-स्तरीय वर्जन 'स्टारशील्ड' (Starshield) का सवाल है, जो यूक्रेन के ड्रोन ऑपरेशन्स और मिलिट्री कम्यूनिकेशन की रीढ़ है, इससे जुड़े सभी फैसले अमेरिकी सरकार के नियंत्रण में हैं। मस्क ने कहा, "स्टारशील्ड एक अलग सिस्टम है जिसे अमेरिकी सरकार ऑपरेट करती है, इसलिए इस पर कोई भी फैसला लेना सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है।"
स्पेसएक्स ने क्यों उठाया यह कदम?
स्पेसएक्स (SpaceX) के मुखिया ने बताया कि कंपनी ने स्टारलिंक की सेवाओं को इसलिए सीमित किया क्योंकि यूक्रेन द्वारा इसका इस्तेमाल आक्रामक ड्रोन हमलों में करके कंपनी की 'सर्विस टर्म्स' (Service Terms) का उल्लंघन किया गया था। हालांकि, उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले हफ्ते इस तकनीकी खामी और लूपहोल को ठीक कर दिया गया है।
अपनी सफाई में मस्क ने जोर देकर कहा कि स्पेसएक्स ने यूक्रेन की रक्षा के लिए दुनिया की किसी भी अन्य प्राइवेट कंपनी के मुकाबले सबसे ज्यादा सहयोग किया है। युद्ध की शुरुआत में जब रूस यूक्रेन पर हावी होने की कोशिश कर रहा था, तब स्पेसएक्स ने रूसी कम्यूनिकेशन साधनों को जैम कर यूक्रेन को बचाने में अहम भूमिका निभाई थी।


