Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

हिंगोली में फिर कांपी धरती: 3 घंटे में 2 बार भूकंप के झटके, नांदेड़ तक महसूस हुआ असर, इतनी मापी गई तीव्रता

सुबह-सुबह हिली धरती, लोगों में दहशत

हिंगोली में फिर कांपी धरती: 3 घंटे में 2 बार भूकंप के झटके, नांदेड़ तक महसूस हुआ असर, इतनी मापी गई तीव्रता
X

हिंगोली/नांदेड़। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिंगोली जिले के हिंगोली और वसमत इलाके में करीब तीन घंटे के भीतर दो बार धरती कांपी। पहला झटका सुबह 7:47 बजे आया, जिसकी तीव्रता 3.3 दर्ज की गई। इसका असर पड़ोसी नांदेड़ जिले में भी महसूस हुआ।

तीन घंटे में दो बार कांपी धरती

शनिवार सुबह 7:47 बजे हिंगोली और वसमत क्षेत्र में भूकंप का पहला झटका महसूस हुआ। इसके बाद करीब 10 बजे फिर हल्का कंपन महसूस किया गया। अचानक धरती हिलने से लोगों में डर फैल गया और कई लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए।

नांदेड़ में भी महसूस हुआ असर

भूकंप के झटकों का असर नांदेड़ शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी महसूस किया गया। जमीन हिलने का एहसास होते ही लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नांदेड़ में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

पहले भी आया था कंपन

हिंगोली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हल्के भूकंपीय झटके महसूस होते रहे हैं। 1 अक्टूबर की रात वसमत तहसील के पांगरा शिंदे इलाके में भी जमीन हिलने और तेज आवाज सुनाई देने की बात सामने आई थी। हालांकि, उसका तकनीकी रिकॉर्ड सिस्मोग्राफ में दर्ज नहीं हुआ था।

प्रशासन अलर्ट, अफवाहों से बचने की अपील

लगातार झटकों के बाद हिंगोली और नांदेड़ प्रशासन सतर्क है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019