Delhi Chawri Bazar Building Collapse: दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला इमारत ढही, दो की मौत, मलबे में दबे कई लोग
Delhi Chawri Bazar Building Collapse: दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसे में दो लोगों की मौत और कई के मलबे में दबे होने की आशंका है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां गली सितारा स्थित शीश महल में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
सुबह 9:50 बजे मिली हादसे की सूचना
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक, इमारत ढहने की सूचना गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे मिली थी। घटनास्थल चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इमारत निर्माणाधीन थी। मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों और अधिकारियों को भी घटनास्थल पर भेजा गया।
मलबे में दबे लोगों को निकालने रेस्क्यू ऑपरेशन
दमकलकर्मी मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। हालांकि, मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
घनी आबादी वाला इलाका, आसपास की इमारतों पर भी खतरा
चावड़ी बाजार पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में दुकानें और पुरानी इमारतें हैं। कई इमारतें एक-दूसरे से सटी हुई हैं। ऐसे में निर्माणाधीन इमारत के ढहने के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।


