BJP Protest Against Rahul Gandhi: राहुल गांधी के पीएम आवास घेराव पर भड़की बीजेपी, आज देशभर में प्रदर्शन, कांग्रेस दफ्तरों का घेराव करेंगे कार्यकर्ता

BJP Protest Against Rahul Gandhi: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास (लोक कल्याण मार्ग) के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अचानक धरने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आक्रामक रुख अपना चुकी है। राहुल गांधी के इस कदम को “अराजकता की पराकाष्ठा” करार देते हुए बीजेपी बुधवार (22 जुलाई) को देशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी के कार्यकर्ता आज दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय समेत कई राज्यों में कांग्रेस दफ्तरों का घेराव करेंगे।
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी संसद या जंतर-मंतर पर युवाओं के मुद्दे उठाने के बजाय सिर्फ सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए राजनीतिक स्टंट कर रहे हैं। सत्ताधारी पार्टी का कहना है कि वे विपक्ष के नेता (LoP) जैसे गरिमापूर्ण और संवैधानिक पद का लगातार अवमूल्यन कर रहे हैं।
BJP Protest Against Rahul Gandhi: लोकतंत्र में विरोध की सीमाएं होती हैं: नितिन नवीन
मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा,विपक्ष के नेता का पद बहुत सम्मानजनक होता है, लेकिन राहुल गांधी इसे गंभीरता से लेने के बजाय लगातार अराजकता को बढ़ावा दे रहे हैं। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने का एक दायरा और मर्यादा होती है। जब विरोध मर्यादा लांघ दे, तो वह अराजकता बन जाता है।
BJP Protest Against Rahul Gandhi: पीएम मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों के चुने हुए प्रतिनिधि
नितिन नवीन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ किसी एक दल के नेता नहीं हैं, बल्कि वे देश के 140 करोड़ नागरिकों के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। जिस तरह से राहुल गांधी अपने सहयोगियों के साथ पीएम आवास के पास पहुंचे और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की, उससे साफ है कि वे विपक्ष की जिम्मेदार राजनीति छोड़ 'अराजक राजनीति' का जरिया बनते जा रहे हैं।
बता दें कि, मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं व प्रदर्शनकारियों ने अचानक प्रधानमंत्री आवास के पास पहुंचकर धरना दिया था। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया और दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया था, जिन्हें देर रात छोड़ा गया।


