दिल्ली : Delhi New CM Rekha Gupta : दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की कमान सौंपने का फैसला किया है, जिससे वे राजधानी की नई मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। उनके इस पद तक पहुंचने की कहानी संघर्ष, संगठन और सशक्त नेतृत्व की मिसाल है।
रेखा गुप्ता भाजपा की वरिष्ठ नेता हैं और दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनका राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ और आज वे दिल्ली की सबसे बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं।
राजनीतिक सफर
रेखा गुप्ता ने अपनी राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी। 1996-97 में वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष बनीं और तभी से संगठन में उनकी पकड़ मजबूत होती गई। धीरे-धीरे वे भाजपा की मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय हुईं और दो बार नगर निगम पार्षद रहीं। उनकी संगठनात्मक क्षमताओं को देखते हुए पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी दी, जिससे वे उत्तरी दिल्ली की मेयर भी बनीं।
मुख्यमंत्री पद तक का सफर
दिल्ली में भाजपा को लंबे समय से सरकार बनाने का मौका नहीं मिला था। 2025 के विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराया और पार्टी में एक मजबूत चेहरा बनकर उभरीं। भाजपा ने उनके प्रशासनिक अनुभव और जमीनी पकड़ को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी है।
नई मुख्यमंत्री से उम्मीदें
रेखा गुप्ता के सामने दिल्ली की कई चुनौतियां होंगी, जिनमें प्रदूषण, जल संकट, यातायात व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करना शामिल है। भाजपा समर्थकों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में दिल्ली में विकास की नई गति आएगी और जनता को मजबूत प्रशासन मिलेगा।
रेखा गुप्ता की नियुक्ति के साथ ही दिल्ली में भाजपा की 27 साल बाद सत्ता में वापसी हुई है। अब देखना होगा कि वे अपने कार्यकाल में किस तरह से राजधानी को एक नई दिशा देने में सफल होती हैं।