Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Atmanand School Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी, देखें किस जिले में कितनी वैकेंसी, कैसे करें आवेदन

Atmanand School Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर संविदा भर्ती होगी। दुर्ग में 229 और रायपुर में 141 पदों की वैकेंसी है।

Atmanand School Vacancy 2026: छत्तीसगढ़ के आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी, देखें किस जिले में कितनी वैकेंसी, कैसे करें आवेदन
X

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक संवर्ग के रिक्त पदों पर संविदा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। विभागीय पोर्टल पर 29 सितंबर को विस्तृत विज्ञापन और 30 सितंबर 2026 को भर्ती संबंधी सूचना जारी की गई है।

इस भर्ती प्रक्रिया में प्रदेशभर में कुल 1812 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। खास बात यह है कि इस बार भर्ती केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत होगी। यानी अलग-अलग जिलों में भर्ती प्रक्रिया चलाने के बजाय विभागीय स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जाएंगे।

किन पदों पर होगी भर्ती?

भर्ती में शिक्षकीय और गैर-शिक्षकीय दोनों तरह के पद शामिल हैं। इनमें व्याख्याता, सहायक शिक्षक, शिक्षक सहित प्रधानपाठक, प्रयोगशाला सहायक, ग्रंथपाल, व्यायाम शिक्षक और कंप्यूटर शिक्षक जैसे पद शामिल हैं।

दिए गए भर्ती विवरण के अनुसार व्याख्याता के 518 पद रखे गए हैं। इनमें वाणिज्य, अंग्रेजी, गणित, भौतिकी, हिंदी, संस्कृत, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषय शामिल हैं।

इसी तरह सहायक शिक्षक के 590 पद बताए गए हैं। इसके अलावा अंग्रेजी शिक्षक, कला, गणित, विज्ञान और हिंदी/संस्कृत के पद भी भर्ती में शामिल हैं।

गैर-शैक्षणिक पद भी शामिल

गैर-शैक्षणिक और अन्य पदों में प्राथमिक प्रधानपाठक, पूर्व माध्यमिक प्रधानपाठक, प्रयोगशाला सहायक, ग्रंथपाल, व्यायाम शिक्षक और कंप्यूटर शिक्षक के पद शामिल हैं।

इनमें प्रयोगशाला सहायक के 170, ग्रंथपाल के 60, व्यायाम शिक्षक के 50 और कंप्यूटर शिक्षक के 40 पद बताए गए हैं।

दुर्ग में सबसे ज्यादा पद

जिलावार पदों की बात करें तो दुर्ग में सबसे ज्यादा 229 पद बताए गए हैं। इसके बाद रायपुर में 141 पद हैं।

अन्य जिलों में बेमेतरा में 103, बिलासपुर में 97, कोरबा में 87, कांकेर में 85 और मुंगेली में 82 पद हैं।

सक्ती में 73, सरगुजा में 72, जबकि बलौदाबाजार और बीजापुर में 61-61 पद हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक सुकमा में 9 और कोरिया में सबसे कम 8 पद रखे गए हैं।

मई में रद्द हुई थी भर्ती प्रक्रिया

आत्मानंद स्कूलों में संविदा भर्ती को लेकर इससे पहले जिला स्तर पर प्रक्रिया शुरू की गई थी। लेकिन 30 मई 2026 को उस भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद अब DPI ने केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत नया भर्ती विज्ञापन जारी किया है।

रायपुर जिले को लेकर भी भर्ती में बदलाव देखने को मिला है। पहले जिले के 33 आत्मानंद स्कूलों में 152 पद रिक्त बताए गए थे, जबकि नई भर्ती प्रक्रिया में रायपुर के लिए 141 पद रखे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन और भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के आधिकारिक पोर्टल को देखें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019