Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Rishi Nirmalkar Murder Case: ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में बड़ा अपडेट: होटल मालिक रवि शर्मा गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी जेल भेजे गए

दुर्ग के ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में होटल मालिक रवि शर्मा गिरफ्तार हुआ है। मामले में अब तक 6 आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

Rishi Nirmalkar Murder Case: ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में बड़ा अपडेट: होटल मालिक रवि शर्मा गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी जेल भेजे गए
X

Rishi Nirmalkar Murder Case: दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुए ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन के मालिक रवि शर्मा (43) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस जांच में घटना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

इस मामले में पुलिस अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले NSUI जिला उपाध्यक्ष मेजर सिंह सागर, दुर्ग जिला संयोजक प्रशांत राव समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

उधारी के पैसे को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस जांच के मुताबिक घटना 24 जनवरी की है। ऋषि निर्मलकर से पुराने पैसों की वसूली को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि यह रकम होटल मालिक रवि शर्मा को लेनी थी।

आरोप है कि ऋषि द्वारा पैसे वापस नहीं करने और फोन नहीं उठाने के बाद रवि शर्मा ने कुछ लोगों को पैसे की वसूली के लिए बुलाया। इसके बाद ऋषि को इंदिरा मार्केट स्थित होटल 36 इन ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मारपीट की इस घटना में होटल मालिक रवि शर्मा की भूमिका भी सामने आई।

मारपीट के दो दिन बाद बिगड़ी तबीयत

होटल में मारपीट के बाद ऋषि अपने घर पहुंचा था। इसके दो दिन बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे भिलाई के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

25 जनवरी को थाना सुपेला से मर्ग डायरी मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मर्ग पंचनामा, गवाहों के बयान और अस्पताल से मिली रिपोर्ट की जांच के बाद पुलिस के सामने गंभीर चोटों से मौत होने की बात सामने आई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पहले दो आरोपी गिरफ्तार, फिर तीन और पकड़े गए

जांच के शुरुआती चरण में पुलिस ने प्रशांत राव और लक्की उर्फ किशन कुमार ध्रुवे को गिरफ्तार किया। इसके बाद 2 फरवरी को पुलिस ने घेराबंदी कर काके उर्फ हरविंदर सिंह, मेजर सिंह सागर उर्फ राज सिंह सागर और अंकित झा को गिरफ्तार किया।

पांचों आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को होटल मालिक रवि शर्मा की भूमिका से जुड़े तथ्य मिले। इसके बाद पुलिस ने रवि शर्मा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रवि शर्मा को गिरफ्तार किया गया।

ऋषि निर्मलकर हत्याकांड में अब तक 6 आरोपी जेल में

ऋषि निर्मलकर की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की है।

होटल मालिक रवि शर्मा की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है। अब आगे की जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में प्रत्येक आरोपी की क्या भूमिका थी और मारपीट के दौरान वास्तव में क्या-क्या हुआ था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019