Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur Dussehra 2026: WRS मैदान में जलेगा 101 फीट का रावण, ट्रेनें चलेंगी धीमी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रायपुर के WRS मैदान में मंगलवार को 101 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। सुरक्षा कारणों से इस रूट पर ट्रेनें 15 किमी.घंटे की रफ्तार से चलेंगी। जानिए ट्रैफिक और सुरक्षा से जुड़ी पूरी खबर।

Raipur Dussehra 2026: WRS मैदान में जलेगा 101 फीट का रावण, ट्रेनें चलेंगी धीमी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
X

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी यानी दशहरा बेहद उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के अलग-अलग मैदानों में रावण दहन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस बार रायपुर के WRS मैदान में जलने वाला 101 फीट ऊंचा रावण मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। वहीं, बोरियाखुर्द में रावण के साथ-साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले भी जलाए जाएंगे।

उत्सव के दौरान ट्रेनों की रफ्तार रहेगी धीमी

WRS मैदान के बिल्कुल पास से व्यस्त मुंबई-हावड़ा रेल लाइन गुजरती है। रावण दहन और आतिशबाजी के दौरान भारी भीड़ के रेलवे ट्रैक तक पहुंचने और किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए रेलवे ने खास सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक उरकुरा से रायपुर स्टेशन के बीच ट्रेनें अधिकतम 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई जाएंगी। इस दौरान लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाते हुए ट्रेन को आगे बढ़ाएंगे और जरूरत पड़ने पर ट्रेन को रोक भी सकेंगे। गति धीमी होने के कारण इस रूट की ट्रेनें 5 से 10 मिनट तक लेट हो सकती हैं।

250 जवान तैनात, ट्रैक के पास होगी बैरिकेडिंग

यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। RPF, GRP और स्थानीय पुलिस के लगभग 250 जवान मैदान और पटरियों के आसपास तैनात रहेंगे। लोगों को ट्रैक से दूर रखने के लिए पटरियों के पास विशेष बैरिकेडिंग की गई है। हर 10 मिनट पर माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों को पटरियों से दूर रहने की चेतावनी दी जाएगी। साथ ही, ट्रैक पर लगातार ड्रोन और जवानों द्वारा निगरानी रखी जाएगी।

फाफाडीह से WRS मैदान तक लग सकता है जाम

रायपुर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों और जिलों से भी लोग रावण दहन देखने WRS मैदान पहुंचेंगे। दोपहर से ही मैदान में भीड़ जुटने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शाम को मुख्य कार्यक्रम और आतिशबाजी के समय फाफाडीह से WRS मैदान तक ट्रैफिक जाम के हालात बन जाते हैं। स्थिति को संभालने के लिए यातायात और जिला प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019