Raipur Murder Case: रायपुर में युवक की हत्या से सनसनी, 4 नाबालिग हिरासत में, ट्रेन से भाग रहे 3 आरोपी बिलासपुर में गिरफ्तार
Raipur Murder Case:रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में चार नाबालिग आरोपी हिरासत में लिए गए हैं। ट्रेन से भाग रहे तीन आरोपियों को RPF की मदद से बिलासपुर में पकड़ा गया।

Raipur Murder Case: रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश सामने आई है।
वारदात के बाद आरोपी ट्रेन से रायपुर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने RPF की मदद से तीन आरोपियों को बिलासपुर में पकड़ लिया। वहीं एक आरोपी को स्थानीय स्तर पर हिरासत में लिया गया है।
अश्वनी नगर में घायल मिला था युवक
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 11 बजे पुरानी बस्ती थाना पुलिस को सूचना मिली कि अश्वनी नगर इलाके में एक युवक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए एम्स अस्पताल रायपुर ले जाया गया।
हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई और पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हत्या की जांच शुरू की।
ट्रेन से भागने की कोशिश, RPF की मदद से पकड़े गए
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल आरोपी ट्रेन के जरिए रायपुर से बाहर भागने की कोशिश कर रहे हैं।
मृतक अहमद खान
इसके बाद रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF से संपर्क कर आरोपियों की लोकेशन और ट्रेन से संबंधित जानकारी साझा की। पुलिस और RPF के समन्वित प्रयास से भाग रहे तीन आरोपियों को बिलासपुर में पकड़ लिया गया। एक अन्य आरोपी को रायपुर में ही हिरासत में लिया गया।
चारों आरोपी नाबालिग, आपसी रंजिश में हत्या का शक
पुलिस ने कुल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई थी।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) हैं। उनसे हत्या की पूरी घटना, विवाद की वजह और वारदात में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है।
बाल संप्रेक्षण गृह से कुछ दिन पहले ही आया था बाहर
जांच में एक और अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिया गया एक नाबालिग आरोपी कुछ दिन पहले ही एक अन्य लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से रिहा होकर बाहर आया था। बाहर आने के बाद वह कथित तौर पर इस हत्या की वारदात में शामिल हो गया।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।


