Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur Ganesh jhanki visarjan 2026: रायपुर में 27 सितंबर को निकलेंगी गणेश झांकियां, असुविधा से बचने जान लें ट्रैफिक रूट

Raipur Ganesh jhanki visarjan 2026: रायपुर में 27 सितंबर को गणेश झांकियां निकलेंगी। जानें शारदा चौक से महादेवघाट तक झांकी का पूरा रूट, वन-वे व्यवस्था और ट्रैफिक से जुड़ी जरूरी जानकारी।

Raipur Ganesh jhanki visarjan 2026: रायपुर में 27 सितंबर को निकलेंगी गणेश झांकियां, असुविधा से बचने जान लें ट्रैफिक रूट
X

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव के बाद अब 27 सितंबर को निकलने वाली झांकियों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इससे पहले 25 सितंबर से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। बड़ी प्रतिमाओं के लिए महादेवघाट और छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में बनाए गए अस्थायी कुंडों की व्यवस्था की गई है।

झांकियों के दिन शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदलेगी। खास तौर पर लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक वन-वे व्यवस्था रहेगी। ऐसे में इस रूट से गुजरने वाले लोगों के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है।

25 सितंबर से शुरू होगा गणेश प्रतिमा विसर्जन

गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 25 सितंबर से शुरू होगा। बड़ी प्रतिमाओं के लिए महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड निर्धारित किया गया है, जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में 43 अस्थायी कुंड बनाए गए हैं।

खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। इन स्थानों पर प्रतिमा विसर्जित करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

महादेवघाट विसर्जन कुंड में 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

विसर्जन स्थल पर क्या रहेगी व्यवस्था?

महादेवघाट पर सुरक्षा और सुविधा के लिए गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी। विसर्जन के दौरान शहर में 1 हजार से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।

विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेवघाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 के रास्ते होगी।

इस दौरान भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर रोक रहेगी। मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा।

27 सितंबर को इस रूट से निकलेंगी गणेश झांकियां

27 सितंबर को गणेश झांकियों का आयोजन होगा। पुलिस के अनुसार, झांकियां शारदा चौक से शुरू होंगी। यहां झांकियों को क्रम के अनुसार नंबर दिए जाएंगे।



इसके बाद झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर महादेवघाट विसर्जन कुंड पहुंचेगी।

इस दौरान लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा। इसलिए इस हिस्से से आने-जाने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।

झांकी के दौरान इन बातों का रखना होगा ध्यान

गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों को झांकी का निर्धारित क्रम, मार्ग और समय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक रहेगी।समितियों से पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए भी कहा गया है।

झांकी में नशे का सेवन करने और हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी। डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा। आयोजकों ने साउंड सिस्टम में तय मानकों का पालन करने और बेस व वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति जताई है।

ड्रोन और स्पेशल टीमों से होगी निगरानी

झांकी के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और रूट पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन से भी निगरानी की तैयारी की है।

भीड़ में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर स्पेशल टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर भी चिंता

बैठक में सदर बाजार के जर्जर भवनों की सुरक्षा का मुद्दा भी सामने आया। पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने झांकी के दौरान इन भवनों से संभावित खतरे को लेकर जानकारी दी।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए झांकी का रूट बदलने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने रूट बदलने पर सहमति नहीं दी। इसके बावजूद आयोजकों ने प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की बात कही है।

बाहर निकलने से पहले रूट जरूर देख लें

27 सितंबर को गणेश झांकियों के कारण शहर के प्रमुख बाजारों और मुख्य मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। खासकर शारदा चौक से महादेवघाट तक जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था का ध्यान रखना जरूरी होगा।

अगर इस दौरान किसी जरूरी काम से निकलना है, तो लाखेनगर–महादेवघाट रूट और आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों की स्थिति ध्यान में रखकर यात्रा का समय तय करना बेहतर रहेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019