Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Diwali Traffic Plan Raipur: रायपुर में दिवाली पर लागू होगा नया ट्रैफिक प्लान, गूगल मैप पर दिखेगा जाम, इन रूटों पर ई-रिक्शा और वेंडर्स की एंट्री बंद

Diwali Traffic Plan Raipur: रायपुर में दिवाली पर नया ट्रैफिक प्लान लागू, गूगल मैप पर दिखेगा जाम का अपडेट, वेंडर्स और पार्किंग पर कड़े नियम।

Diwali Traffic Plan Raipur: रायपुर में दिवाली पर लागू होगा नया ट्रैफिक प्लान, गूगल मैप पर दिखेगा जाम, इन रूटों पर ई-रिक्शा और वेंडर्स की एंट्री बंद
X

रायपुर। त्योहारी सीजन और दिवाली की खरीदारी को देखते हुए राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त एक्शन प्लान तैयार किया है। स्थानीय व्यापारियों और प्रशासन की बैठक के बाद शहर के मुख्य बाजारों में जाम से निपटने के लिए कई बड़े नियम लागू किए गए हैं।

अब त्योहारी भीड़ के बीच लोगों को जाम से न जूझना पड़े, इसके लिए गूगल मैप पर लाइव ट्रैफिक जाम की लोकेशन अपडेट दिखेगी, जिससे वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों का चुनाव आसानी से कर सकेंगे।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाजारों में अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजारों में ई-रिक्शा और ठेले लगाने वालों के लिए भी नए प्रतिबंध तय किए गए हैं।

वेंडर जोन शिफ्ट, दुकानों के बाहर सामान रखने पर रोक

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने लोकल वेंडर्स और दुकानदारों के लिए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। नगर निगम द्वारा लोकल रोड वेंडर्स के लिए गॉस मेमोरियल ग्राउंड, पुराना नगर निगम ऑफिस, सीरत मैदान और हिंद स्पोर्ट्स ग्राउंड में खास 'दिवाली बाजार' की व्यवस्था की गई है। सड़क पर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।

साथ ही दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखें। कोई भी दुकानदार अपनी दुकान के बाहर ठेले नहीं लगवा सकेगा। यदि कोई ठेले वालों से अवैध वसूली करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुराना एडिशनल एसपी ऑफिस परिसर में भी वेंडर जोन को शिफ्ट किया गया है।

ड्रोन से निगरानी और गूगल मैप पर दिखेगा जाम

त्योहारों पर शहर के व्यस्त बाजारों (जैसे जयस्तंभ चौक, गोल बाजार, मालवीय रोड आदि) में लगने वाले जाम से निपटने के लिए इस बार हाई-टेक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। व्यस्त बाजारों में ट्रैफिक की स्थिति और भीड़ पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी।

इसके अलावा, गूगल मैप पर लाइव जाम की लोकेशन अपडेट मिलेगी ताकि लोग पहले से सतर्क हो सकें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी तैनात रहेगी। डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने व्यापारियों से अपने सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने की अपील की है।

लोडिंग-अनलोडिंग का समय तय और हेल्पलाइन नंबर जारी

बाजारों में भारी वाहनों के प्रवेश और दिनभर लगने वाले जाम को रोकने के लिए सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का समय तय कर दिया गया है। अब दुकानदारों को रात 11 बजे के बाद और सुबह 10 बजे के पहले ही माल की लोडिंग-अनलोडिंग करनी होगी। इसके अलावा, ट्रैफिक जाम या किसी भी असुविधा से जुड़ी सूचना देने के लिए यातायात पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 जारी किया है, जिस पर नागरिक संपर्क कर सकते हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019