Raipur City News : त्योहारों से पहले मिठाई दुकानों और ब्रेड फैक्ट्री पर छापा, दूध में मिले कीड़े तो फैक्ट्री में घूमते मिले चूहे
Food Department Action : रायपुर में खाद्य विभाग ने मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खत्री स्वीट्स में दूध के अंदर कीड़े और ब्रेड बास्केट फैक्ट्री में चूहे मिलने पर खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि बिना लाइसेंस संचालित कृष्णा स्वीट्स से बड़ी मात्रा में मिठाई जब्त की गई।

Raipur City News : रायपुर। त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच खाद्य विभाग ने शहर में जांच अभियान तेज कर दिया है। खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभालते हुए मिठाई दुकानों और ब्रेड फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं और साफ-सफाई की कमी सामने आई। विभाग ने मौके पर ही खराब और असुरक्षित खाद्य सामग्री को नष्ट कराया।
खत्री स्वीट्स में दूध के अंदर मिले कीड़े
खाद्य विभाग की टीम ने खत्री स्वीट्स में जांच के दौरान दूध के अंदर कीड़े पाए। वहीं, मिठाई निर्माण स्थल पर भी गंदगी मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
ब्रेड बास्केट फैक्ट्री में चूहों की मौजूदगी
इसके बाद टीम ने ब्रेड बास्केट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। यहां परिसर में चूहे घूमते मिले। स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर खामियां पाए जाने पर विभाग ने करीब 80 किलो ब्रेड नष्ट कराई। खाद्य सामग्री के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
अग्रवाल मिठाई वाला से 165 किलो से अधिक सामग्री नष्ट
अभियान के दौरान अग्रवाल मिठाई वाला में भी खाद्य सामग्री की जांच की गई। यहां 165 किलो से अधिक मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। विभाग ने कार्रवाई के तहत तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं।
बिना लाइसेंस चल रही थी कृष्णा स्वीट्स
खाद्य विभाग की टीम ने कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स में भी जांच की। यह प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। टीम ने यहां से भारी मात्रा में मिठाई जब्त की और नियमानुसार कार्रवाई की।
नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के मद्देनजर विभाग का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।


