Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur City News : रायपुर में आदतन अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, दो बदमाश जिलाबदर

लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल विकास उर्फ भीम और ओम दुबे पर कार्रवाई, रायपुर समेत 6 जिलों की सीमाओं से 3 और 4 महीने के लिए निष्कासित

Raipur City News : रायपुर में आदतन अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, दो बदमाश जिलाबदर
X

Raipur City News : रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल दो आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर और ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे को जिलाबदर करते हुए रायपुर समेत छह जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया गया है।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(क)(ख) के तहत की गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड, संबंधित मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के कथनों की समीक्षा के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जिलाबदर के आदेश जारी किए।

विकास उर्फ भीम पर 9 मामले दर्ज

बीरगांव निवासी 26 वर्षीय विकास उर्फ भीम उर्फ रावण मधुकर के खिलाफ वर्ष 2018 से थाना उरला में 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें दुष्कर्म, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अवैध हथियार रखने और जुआ जैसे मामले शामिल हैं। आदेश के तहत उसे रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद की सीमाओं से 3 महीने के लिए निष्कासित किया गया है। इस दौरान सक्षम न्यायालय की अनुमति के बिना वह इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

ओम दुबे पर 11 गंभीर अपराध

वहीं मोतीलाल नगर निवासी 25 वर्षीय ओम दुबे उर्फ प्रथम दुबे के खिलाफ वर्ष 2017 से थाना डी.डी. नगर में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, आपराधिक अभित्रास, अवैध हथियार रखने और गांजा बिक्री जैसे मामले शामिल हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद सुधार नहीं होने को देखते हुए उसे भी जिलाबदर किया गया है। ओम दुबे को छह जिलों की सीमाओं से 4 महीने के लिए बाहर रहने का आदेश दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिलाबदर अवधि में दोनों आरोपी बिना सक्षम न्यायालय की अनुमति के रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019