Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur City News : गणेश विसर्जन को लेकर रायपुर निगम की तैयारी पूरी, खारून नदी में नहीं डाली जाएंगी प्रतिमाएं

रायपुर में गणेश विसर्जन के लिए महादेव घाट पर विशेष कुंड तैयार, खारून नदी में प्रतिमा विसर्जन पर रोक; निगम ने सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई को लेकर पुख्ता इंतजाम किए।

Raipur City News : गणेश विसर्जन को लेकर रायपुर निगम की तैयारी पूरी, खारून नदी में नहीं डाली जाएंगी प्रतिमाएं
X

Raipur City News : रायपुर। राजधानी में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। खारून नदी में सीधे प्रतिमा विसर्जन पर रोक रहेगी और महादेव घाट स्थित निर्धारित विसर्जन कुंड में ही प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। व्यवस्था की निगरानी और संचालन के लिए निगम ने अधिकारियों की विशेष समिति भी गठित की है।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान NGT एवं शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विसर्जन से पहले पूजा सामग्री को अलग कर उचित स्थान पर रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि नदी का पानी प्रदूषित न हो।

महादेव घाट पर रहेंगी सुरक्षा और सुविधा की व्यवस्थाएं

गणेश विसर्जन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्रेन, मंच, शामियाना, लाइट, माइक, कंट्रोल रूम, मोटर बोट, गोताखोर, मजबूत रस्से, रेनकोट और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए होमगार्ड और अग्निशमन विभाग के साथ भी समन्वय किया जाएगा। वहीं लाखे नगर चौक पर सर्च लाइट, पंडाल, मंच, माइक और कंट्रोल रूम के साथ प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था की जाएगी।

चार सदस्यीय नहीं, अधिकारियों की विशेष समिति संभालेगी जिम्मेदारी

नगर निगम ने महादेव घाट विसर्जन स्थल की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए विशेष समिति बनाई है। अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। समिति में राजेश राठौर, इमरान खान, आभास मिश्रा, राजेश्वरी पटेल, खीरसागर नायक और जसदेव बाबरा समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।

25 सितंबर से वाहनों की रहेगी व्यवस्था

अनंत चतुर्दशी यानी 25 सितंबर से विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और 709 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन वाहनों को तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और लाखे नगर चौक में तैनात किया जाएगा। वाहन चालकों और ईंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब और अन्य प्रमुख तालाबों में प्रतिमा विसर्जन रोकने की व्यवस्था करने को कहा है। छोटी प्रतिमाओं के लिए तालाबों के किनारे अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे।

रूट पर ट्रैफिक और सुरक्षा का भी ध्यान

विसर्जन मार्ग में प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पेचवर्क, गड्ढों और निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे रूट पर जर्जर भवनों का सर्वे कर संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, यातायात बाधित करने वाले पंडालों पर कार्रवाई और आवारा मवेशियों को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महादेव घाट में 10 पंडितों की व्यवस्था कराने के निर्देश भी निगम ने दिए हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019