Raipur City Crime : बंद फैक्ट्री में डकैती की साजिश, रेकी के बाद चौकीदार को बनाया बंधक, 3 आरोपी से लाखों रूपए का माल बरामद
हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में वारदात के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, करीब 17 लाख रुपये का सामान जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

Raipur City Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बंद पड़ी फैक्ट्री को निशाना बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर की गई लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन व उपकरण जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी, फिर रात में वारदात
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे 7 से 8 आरोपी टाटा एस वाहन और स्कूटी से बंद अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री पहुंचे थे। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। इस दौरान वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। घटना वाली रात फैक्ट्री के चौकीदार दिलीप कुमार वर्मा ने संदिग्धों को देखकर उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपियों ने उन्हें ही पकड़ लिया और दोनों हाथ रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद फैक्ट्री के कार्यालय और परिसर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
वायर, कॉपर क्वाइल और नकदी समेत सामान लेकर फरार
आरोपियों ने फैक्ट्री से एल्युमिनियम वायर के बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, दराज में रखी नकदी, आलमारी से पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल सहित अन्य सामान चोरी किया। चौकीदार की शिकायत पर कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, तीन आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसी दौरान पुलिस को सरोना, डीडी नगर निवासी संदीप नेताम के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने अजीत भारती और उमेंद्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया।
सामान के साथ वाहन और उपकरण भी जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल सहित करीब 17 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस चारपहिया वाहन और स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। संदीप नेताम के खिलाफ चोरी और मारपीट, जबकि उमेंद्र ठाकुर के खिलाफ नकबजनी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अजीत भारती के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी दी गई है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और लूटे गए सामान के निपटारे में किन लोगों की भूमिका रही।


