Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur City Crime : साधु-बाबा बनकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार

रायपुर के फाफाडीह में बीमारी और घरेलू समस्याएं दूर करने का झांसा देकर सोने के जेवर ठगने का आरोप, पुलिस ने 17 ग्राम सोना बरामद कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।

Raipur City Crime : साधु-बाबा बनकर पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
X

Raipur City Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साधु-बाबा बनकर बीमारी और घरेलू समस्याओं के समाधान का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। गंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक आरोपी और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

बीमारी दूर करने और अनिष्ट का डर दिखाकर लेते थे जेवर

पुलिस के मुताबिक, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में बातें बताकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर सोने की अंगूठी और नकदी ली गई।

आरोप है कि कुछ दिनों बाद आरोपी दोबारा घर पहुंचे और पूजा के बाद जेवर लौटाने का भरोसा देकर सोने की चेन समेत अन्य आभूषण लेते रहे। साथ ही, किसी को घटना के बारे में बताने पर परिवार के साथ अनहोनी होने का डर दिखाया गया।

फोन कर और जेवर व नकदी मांगने लगे आरोपी

शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर 2026 से आरोपियों ने फोन कर और अधिक जेवरात व नकदी की मांग शुरू कर दी। इसके बाद पीड़ित परिवार को ठगी का संदेह हुआ। आरोप है कि न तो पूजा-पाठ कराया गया और न ही लिए गए आभूषण वापस किए गए।

मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण से मिली जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पीड़ित परिवार से पूछताछ और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के पास से 17 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इसी तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बीमारी या घरेलू समस्याओं के समाधान के नाम पर चमत्कार और पूजा-पाठ का झांसा देने वालों से सतर्क रहें तथा किसी अनजान व्यक्ति को अपने कीमती आभूषण या नकदी न सौंपें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019