Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur City Crime : महज 1 हजार रुपये के लिए फाइनेंसर की हत्या, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

अभनपुर के मानिकचौरी में वारदात का खुलासा, लूट के दौरान चाकू से हमला करने का आरोप; नाबालिग को बताया जा रहा मास्टरमाइंड

Raipur City Crime : महज 1 हजार रुपये के लिए फाइनेंसर की हत्या, नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र के मानिकचौरी गांव में फाइनेंसर देवाराम साहू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदप्रकाश ध्रुव और छविराम जांगड़े के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नाबालिग को वारदात का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, मानिकचौरी गांव में देवाराम साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना के बाद अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतक जुए की फड़ में रुपये फाइनेंस करने का काम करता था, जिसके चलते उसका कई लोगों से संपर्क था।

पुलिस ने मृतक के संपर्कों और वारदात से पहले उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। मिले सुरागों के आधार पर एक नाबालिग समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लूट की योजना बनाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपियों को लगा था कि देवाराम साहू के पास बड़ी रकम होगी। लूट के दौरान नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे फाइनेंसर की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके पास मौजूद रकम लूट ली, लेकिन उनके हाथ महज 1 हजार रुपये लगे।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। हालांकि वारदात के समय वे नशे में थे या नहीं, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद होगी। पुलिस हत्या में इस्तेमाल चाकू, लूटी गई रकम और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है।

नाबालिग आरोपी पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी, जबकि दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019