Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Raipur City News : अग्रसेन जयंती पर 4 से 11 अक्टूबर तक होंगे भव्य आयोजन, राज्यपाल रमेन डेका और CM विष्णुदेव साय होंगे शामिल

महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में अग्रवाल समाज की ओर से 4 से 11 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य समारोह 11 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में होगा।

Raipur City News : अग्रसेन जयंती पर 4 से 11 अक्टूबर तक होंगे भव्य आयोजन, राज्यपाल रमेन डेका और CM विष्णुदेव साय होंगे शामिल
X

रायपुर। महाराजा अग्रसेन की 5180वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में अग्रवाल समाज की ओर से 4 से 11 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य समारोह 11 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में होगा। इसमें राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन को लेकर समाज में तैयारियां तेज हो गई हैं।

4 अक्टूबर से अग्राथॉन के साथ होगी शुरुआत

जयंती समारोह की शुरुआत 4 अक्टूबर को होगी। इस दिन सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव से सर्वसमाज के लिए ‘अग्राथॉन- वंदे मातरम, रन फॉर नेशन’ का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन श्री सालासर धाम, छेड़ीखेड़ी में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा। डॉ. कमलेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस शिविर में 60 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। यहां पैथोलॉजी जांच, नेत्र परीक्षण और चश्मा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

अग्रसेन धाम में होगा महोत्सव का उद्घाटन

7 अक्टूबर को श्री अग्रसेन धाम, छेड़ीखेड़ी में जयंती महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल और रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल समेत अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न मोहल्ला समितियों का सम्मान भी किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं के साथ महिला सम्मेलन और अग्रसेवा दिवस

8 और 9 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 9 अक्टूबर को महिला सम्मेलन रखा गया है। वहीं 10 अक्टूबर को अग्रसेवा दिवस मनाया जाएगा, जिसमें समाज के लोग अलग-अलग सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे। इसी दिन विशाल कार्निवल का आयोजन भी होगा। कार्निवल में विभिन्न आकर्षणों के साथ अग्र बैंड की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी।

11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

जयंती समारोह के अंतिम दिन 11 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे श्री अग्रसेन भवन, जवाहर नगर में महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 6:30 बजे श्री अग्रसेन धाम में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस दौरान प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद कवि सम्मेलन और लाफ्टर शो का भी आयोजन होगा।

19 मोहल्ला समितियों में भी चल रही तैयारियां

मुख्य समारोह से पहले रायपुर की 19 मोहल्ला समितियों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में चयनित विजेता आगे होने वाली मुख्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। आयोजन के जरिए समाज के परिवारों, बच्चों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

आयोजन के लिए अलग-अलग समितियां गठित

महोत्सव को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। जयंती की जिम्मेदारी राजेश हेलीवाल, शोभायात्रा की जिम्मेदारी शैलेश अग्रवाल और अग्रसेवा दिवस की जिम्मेदारी रमेश सावंदिया, अरुण मित्तल, चिमनलाल अग्रवाल और कैलाश मित्तल को दी गई है। इसके अलावा प्रचार-प्रसार, पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजन, मंच, पंडाल, प्रतिभा प्रोत्साहन, समन्वय और अर्थ व्यवस्था से जुड़े कार्यों के लिए भी अलग समितियां बनाई गई हैं।

अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विजय अग्रवाल, महामंत्री मनमोहन अग्रवाल और प्रचार-प्रसार प्रमुख योगेश अग्रवाल ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताया कि जयंती महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह है। सभा ने जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी जताया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019