CG News: शराब पीने के बाद BSP पार्षद समेत 2 की मौत, एक की हालत बिगड़ी, एक हिरासत में; जहरीले पदार्थ की आशंका
पामगढ़ में शराब पीने के बाद BSP पार्षद रामखिलावन जांगड़े समेत 2 लोगों की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी है। शराब में जहरीले पदार्थ की आशंका के बीच पुलिस जांच कर रही है।

बिलासपुर/पामगढ़। छत्तीसगढ़ के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) शामिल हैं। वहीं, उनके साथ शराब पीने वाले एक अन्य व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना के दौरान मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस को पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
चार लोगों ने साथ बैठकर पी थी शराब
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम रामखिलावन जांगड़े अपने तीन साथियों के साथ बैठकर देशी शराब पी रहे थे। कुछ समय बाद रामखिलावन जांगड़े और जोहितराम खरे की तबीयत बिगड़ने लगी। दोनों को सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन और आसपास के लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को बिलासपुर रेफर कर दिया।
सिम्स और अपोलो में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बिलासपुर पहुंचने के बाद रामखिलावन जांगड़े को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि जोहितराम खरे का इलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद मामले को संदिग्ध मानते हुए मौत के कारणों की जांच शुरू की गई है।
एक अन्य व्यक्ति की बिगड़ी तबीयत, एक हिरासत में
शराब सेवन के दौरान मौजूद कमल नाथ खरे उर्फ राजा की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने मौके पर मौजूद मुकेश कश्यप उर्फ गोलू को हिरासत में लिया है। उससे घटना से जुड़े तथ्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
शराब में जहरीले पदार्थ की आशंका
दो लोगों की मौत के बाद शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मौत शराब के सेवन से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। एसडीओपी तोपेश वर्मा के अनुसार, चारों लोगों ने सादी देशी शराब का सेवन किया था। इसके बाद दो लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम और विसरा जांच से खुलेगा मौत का राज
दोनों मृतकों का बिलासपुर में पोस्टमार्टम कराया जाना है। मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच कराए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की मौत किस वजह से हुई और क्या शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


