Mahadev Betting App Case : महादेव सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की रायपुर लाने की तैयारी, दिल्ली कोर्ट में होगी पेशी
ओमान से भारत लाए गए सौरभ चंद्राकर को दिल्ली कोर्ट में किया जाएगा पेश, ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद CBI टीम रायपुर लेकर होगी रवाना।

Mahadev Betting App Case : रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद अब छत्तीसगढ़ लाने की तैयारी की जा रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर को कुछ ही देर में दिल्ली की अदालत में पेश किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम दिल्ली कोर्ट से सौरभ चंद्राकर की ट्रांजिट रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है। रिमांड मिलने के बाद सीबीआई की टीम उसे लेकर रायपुर रवाना होगी। इस बीच दिल्ली से सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी रायपुर पहुंच चुके हैं।
सौरभ चंद्राकर छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है और महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए देशभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा कारोबार संचालित किया जा रहा था।
सीबीआई के अनुसार, सौरभ को रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में हिरासत में लिया गया था। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया है।
महादेव ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सीबीआई लंबे समय से जांच कर रही हैं। जांच में हजारों करोड़ रुपये के लेनदेन, फर्जी बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल सभी की नजरें दिल्ली कोर्ट की सुनवाई और ट्रांजिट रिमांड पर टिकी हैं। इसके बाद सौरभ चंद्राकर को रायपुर लाकर मामले में आगे की पूछताछ की जा सकती है।


