Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Mahadev App Abhishek Kumar arrested: दुबई से लौटते ही महादेव ऐप का किंगपिन अभिषेक कुमार हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस रिमांड पर

Mahadev App Abhishek Kumar arrested: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में सीबीआई ने अभिषेक कुमार को हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। रायपुर कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड दी है।

Mahadev App Abhishek Kumar arrested: दुबई से लौटते ही महादेव ऐप का किंगपिन अभिषेक कुमार हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार, दो दिन की पुलिस रिमांड पर
X

रायपुर/हैदराबाद। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किंगपिन अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक अभिषेक कुमार को दुबई से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचते ही गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने एक प्रेस नोट में बताया कि अभिषेक कुमार महादेव बुक के तहत सट्टा संचालन, पैनलों के समन्वय और पैसों की वसूली में सक्रिय था। सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया है कि सट्टे से अर्जित रकम से उसने दुबई में अचल संपत्ति खरीदी।

गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने का दावा किया गया है। सीबीआई के अनुसार इनसे महादेव ऐप के मुख्य आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से उसके करीबी संबंधों का पता चलता है।

सीबीआई ने बताया कि अभिषेक कुमार को पहले हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला। इसके बाद उसे रायपुर कोर्ट में पेश कर दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड ली गई।

सीबीआई ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने मामले से जुड़ी 13 एफआईआर जांच के लिए सीबीआई को सौंपी थीं। अब तक सीबीआई 100 आरोपियों के खिलाफ आठ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें महादेव ऐप के प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के लोक सेवक शामिल हैं।

सीबीआई के मुताबिक, महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने के लिए अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं।

एजेंसी ने बताया है कि दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में अभिषेक कुमार की गिरफ्तारी को जांच में आगे की पूछताछ और कथित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019