Jashpur Elephant Terror: छत्तीसगढ़ के इस शहर में घुसा दंतैल हाथी, चर्च और अस्पताल की तोड़ी बाउंड्रीवाल, लोगों में मची भगदड़
Jashpur Elephant Terror: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी शहर में एक लोनर हाथी घुस गया। हाथी ने चर्च और होली क्रॉस अस्पताल की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी।

Jashpur Elephant Terror: जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। रविवार सुबह जंगल से भटककर एक लोनर (झुंड से अलग हुआ) नर हाथी सीधे कुनकुरी शहर के भीतर आ गया। दंतैल हाथी के शहर के बीचों-बीच पहुंचने से लोगों में भारी दहशत फैल गई। यह हाथी महागिरजा घर (चर्च) और होली क्रॉस अस्पताल परिसर तक जा पहुंचा, जहां उसने अस्पताल की बाउंड्रीवॉल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
प्रार्थना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी
कुनकुरी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित महागिरजा घर और होली क्रॉस अस्पताल के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब लोगों ने विशालकाय हाथी को परिसर में घूमते देखा।
रविवार की सुबह होने के कारण चर्च में प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। परिसर में अचानक हाथी को देखकर लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए तुरंत प्रार्थना सभागार के अंदर भागे।
चर्च के बाद हाथी पास ही स्थित होली क्रॉस अस्पताल परिसर में घुस गया। वहां उसने गुस्से में आकर अस्पताल की बाउंड्रीवॉल को तोड़ दिया। इस दौरान का एक वीडियो नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें हाथी काफी आक्रामक नजर आ रहा है।
जयस्तंभ चौक तक पहुंचा हाथी, वन विभाग सतर्क
अस्पताल परिसर में तांडव मचाने के बाद हाथी भटकते हुए कुनकुरी के व्यस्त जयस्तंभ चौक के पास तक जा पहुंचा। दिनदहाड़े शहर के बीच हाथी को देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हालांकि, कुछ देर बाद हाथी वहां से निकलकर वन विभाग की नर्सरी की ओर चला गया।
कुनकुरी रेंजर सुरेंद्र होता ने बताया कि यह लोनर हाथी पिछले कुछ दिनों से लोटापानी और घुमाडांड़ के जंगलों में घूम रहा था। वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
जशपुर में लगातार बढ़ रहा हाथियों का खतरा
बता दें कि जशपुर जिला छत्तीसगढ़ के सबसे संवेदनशील हाथी प्रभावित जिलों में गिना जाता है। जिले के 8 में से 5 विकासखंड हाथियों की आवाजाही से प्रभावित हैं। ओडिशा और झारखंड की सीमा से लगे दुलदुला, कुनकुरी और तपकरा वन परिक्षेत्र में सालभर हाथियों का डेरा रहता है।
वन विभाग की जारी की चेतावनी
घटना के बाद प्रशासन और वन विभाग ने शहरवासियों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी के नजदीक जाकर वीडियो बनाने या उसे घेरने की कोशिश बिल्कुल न करें, इससे हाथी उग्र हो सकता है। यदि कहीं भी हाथी दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दें।


