Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Korba Hasdeo River Accident: कोरबा में हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर बहा, बांगो बांध से 26 हजार क्यूसेक से ज्यादा छोड़ा जा रहा पानी, जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Korba Hasdeo River Accident: कोरबा के कुदुरमाल एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय सूरज महंत तेज बहाव में बह गया। रेस्क्यू जारी है। बांगो बांध से हसदेव नदी में 26,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

Korba Hasdeo River Accident: कोरबा में हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर बहा, बांगो बांध से 26 हजार क्यूसेक से ज्यादा छोड़ा जा रहा पानी, जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
X

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हादसों का सिलसिला जारी है। इसी बीच उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल में हसदेव नदी के एनीकट में नहाते समय 15 वर्षीय किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। किशोर की पहचान सूरज महंत, पिता सुरेश महंत के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सूरज कुदुरमाल स्थित हसदेव नदी के एनीकट में नहा रहा था। इसी दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और वह पानी की चपेट में आकर बह गया। एनीकट पर मौजूद लोगों ने किशोर को बहते हुए देखा तो तत्काल शोर मचाया और घटना की जानकारी उसके परिजनों तथा पुलिस को दी।

पुलिस और गोताखोरों की टीम ने शुरू किया रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सेना के गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया। गोताखोरों ने तत्काल हसदेव नदी में किशोर की तलाश शुरू कर दी।

समाचार लिखे जाने तक सूरज महंत का कोई पता नहीं चल सका था और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। नदी में तेज बहाव होने के कारण बचाव दल को तलाश में चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

बांगो बांध में तेजी से बढ़ा जलभराव

इधर, लगातार बारिश और बांगो बांध में बड़ी मात्रा में पानी की आवक के बाद जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग ने लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों से मिनीमाता बांगो बांध में इनफ्लो काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके चलते बांध का जलभराव 94 प्रतिशत से अधिक हो गया है।

बांध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहले तीन गेटों को कुल 1.50 मीटर तक खोला गया था। इसके बाद जलप्रवाह को नियंत्रित करने के लिए गेटों की ओपनिंग बढ़ाई गई। विभाग ने बताया कि इसका प्रभाव दर्री बैराज में रात करीब 2 बजे के बाद पड़ने की संभावना है। बाढ़ की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए दर्री बैराज के गेटों की ओपनिंग भी बढ़ाई जा रही है।

बांगो बांध के 7 गेट खोले गए

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रात 12 बजे बांध का जलस्तर 358.71 मीटर और जलभराव 94.30 प्रतिशत दर्ज किया गया। मुख्य अभियंता बिलासपुर तथा अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद पानी को नियंत्रित करने के लिए निम्नानुसार गेट खोले गए—

गेट नंबर 1 — बंद

गेट नंबर 2 — बंद

गेट नंबर 3 — बंद

गेट नंबर 4 — 0.50 मीटर

गेट नंबर 5 — 0.60 मीटर

गेट नंबर 6 — 0.80 मीटर

गेट नंबर 7 — 0.60 मीटर

गेट नंबर 8 — 0.50 मीटर

गेट नंबर 9 — बंद

गेट नंबर 10 — बंद

गेट नंबर 11 — बंद

इस तरह कुल रेडियल गेट ओपनिंग 3 मीटर रखी गई है।

हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 26,197 क्यूसेक पानी

विभाग के अनुसार बांगो बांध के रेडियल गेटों से करीब 17,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से करीब 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से हसदेव नदी में कुल 26,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

वहीं बांध में पानी की आवक यानी इनफ्लो 54,115 क्यूसेक दर्ज किया गया है। लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए सिंचाई विभाग की ओर से बांध और नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील

लगातार बारिश, नदियों में तेज बहाव और बांध से पानी छोड़े जाने के बीच प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर एनीकट, नदी और तेज बहाव वाले जलस्रोतों में नहाने या उनके आसपास जाने से बचना बेहद जरूरी है।

कुदुरमाल में किशोर के बहने की घटना एक बार फिर बताती है कि बारिश के दौरान नदी और एनीकट के पास थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019