Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Janjgir Champa Road Accident: नाले के पास पलटी कार, युवक की मौके पर मौत, एक-दो दिन पहले ही खरीदी थी गाड़ी

Janjgir Champa Road Accident: जांजगीर-चांपा के ग्राम भैंसो के पास तड़के कार नाले के किनारे पलट गई। हादसे में जय कुमार साहू की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हुए।

Janjgir Champa Road Accident: नाले के पास पलटी कार, युवक की मौके पर मौत, एक-दो दिन पहले ही खरीदी थी गाड़ी
X

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार को पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसो के पास बिलासपुर-पामगढ़-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर नाले के किनारे पलट गई। हादसे में कार की पिछली सीट पर बैठे तुस्मा निवासी जय कुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि जय कुमार साहू ने एक-दो दिन पहले ही सेकंड हैंड कार खरीदी थी। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों युवक बिलासपुर से अपने घर लौट रहे थे। फिलहाल कार के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

लावारिस कुत्ते को पशु केंद्र छोड़कर लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 12 बजे तीनों युवकों को सड़क किनारे एक लावारिस कुत्ता मिला था। वे उसे लेकर बिलासपुर स्थित पशु केंद्र पहुंचे और वहां कुत्ते को भर्ती कराने के बाद कार से वापस लौटने लगे।

इसी दौरान सोमवार तड़के करीब 4 बजे ग्राम भैंसो के पास नाले के किनारे उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि पीछे की सीट पर बैठे जय कुमार साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अन्य दोनों युवकों को मामूली चोटें आईं।

खरौद का युवक चला रहा था कार

मृतक के साथियों के अनुसार, हादसे के समय कार खरौद निवासी चिन्ना देवगन चला रहा था। गिधौरी निवासी अभय अवस्थी आगे की सीट पर बैठा था, जबकि जय कुमार साहू पीछे बैठा हुआ था।

कार पलटने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन वाहन पर नियंत्रण क्यों बिगड़ा, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। जय कुमार साहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस सड़क हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019