Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Womens T20 Series: रायपुर पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेटर: 16 अक्टूबर को जिम्बाब्वे से पहला मुकाबला, स्मृति मंधाना के हाथों में कप्तानी

भारतीय टीम रायपुर पहुंची, सोमवार को आएगी जिम्बाब्वे टीम

Womens T20 Series: रायपुर पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेटर: 16 अक्टूबर को जिम्बाब्वे से पहला मुकाबला, स्मृति मंधाना के हाथों में कप्तानी
X

रायपुर: राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच शुरू होने जा रहा है। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3 टी-20 मैच खेले जाएंगे। भारतीय खिलाड़ी रविवार को रायपुर पहुंच गईं, जबकि जिम्बाब्वे की टीम सोमवार को पहुंचेगी।

16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मैच

सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा मैच 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। तीनों मुकाबले शाम 7 बजे शुरू होंगे। फ्लडलाइट में होने वाले मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है।

स्मृति मंधाना के हाथों में टीम की कमान

भारतीय टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना करेंगी, जबकि शेफाली वर्मा उपकप्तान होंगी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम का हिस्सा हैं। 15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, जी. कमलिनी, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय टीम 12 अक्टूबर से अभ्यास करेगी। जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को अभ्यास करेगी।

सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम

मैचों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसके बाद प्रशासन, पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारियों की स्थानीय सहायता समिति बनाई गई है।

दर्शकों के लिए ई-टिकट, ओपन वाई-फाई, पार्किंग पास, सीसीटीवी कैमरे, खानपान और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जा रही है।

स्वास्थ्य सेवाएं और आपात व्यवस्था तैयार

स्टेडियम में एंबुलेंस, दमकल वाहन और आपातकालीन निकास की व्यवस्था रहेगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी तय किए गए हैं। बिजली और मोबाइल नेटवर्क सुचारु रखने की तैयारी है।

NGT के निर्देशों के तहत आयोजन

प्रशासन के मुताबिक, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों का पालन करते हुए तीन अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन की अनुमति दी गई है। अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019