Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Draupadi Murmu Chhattisgarh Visit: राष्ट्रपति मुर्मू आज माता हासी देवी के सम्मान में जारी करेंगी 200 रुपए का विशेष सिक्का, जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और ट्रैफिक रूट

Draupadi Murmu Chhattisgarh Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज रायपुर में माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर ₹200 का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगी। वीआईपी दौरे से शहर में ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा।

Draupadi Murmu Chhattisgarh Visit: राष्ट्रपति मुर्मू आज माता हासी देवी के सम्मान में जारी करेंगी 200 रुपए का विशेष सिक्का, जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और ट्रैफिक रूट
X

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे में आज रायपुर पहुंच रही हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी। सबसे खास आकर्षण रायपुर के लोकभवन में दोपहर 12:45 से 1 बजे के बीच होने वाला कार्यक्रम है, जहां राष्ट्रपति शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी के सम्मान में 200 रुपए का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी करेंगी।

चार धातुओं से बना 35 ग्राम का सिक्का

कोलकाता टकसाल में तैयार इस 35 ग्राम के स्मारक सिक्के की खासियत यह है कि इसे चार धातुओं के मिश्रण से बनाया गया है। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता का इस्तेमाल किया गया है।



विमोचन के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक (कलेक्टर) शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों या कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए इसकी बुकिंग कर सकेंगे। सिंधी समाज के लिए इस ऐतिहासिक आयोजन में देश-विदेश से 200 से अधिक विशिष्ट अतिथि शामिल हो रहे हैं।

यातायात रहेगा प्रभावित, बदला रूट

राष्ट्रपति के रायपुर आगमन को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके काफिले के गुजरने के दौरान एयरपोर्ट से लोकभवन और वहां से बूढ़ापारा स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम तक के रास्ते कुछ समय के लिए रोके जाएंगे। विशेष तौर पर शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहने की संभावना है, जिसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार किया है।



300 साल पुरानी शदाणी दरबार की परंपरा

रायपुर का शदाणी दरबार सिंधी समाज का एक प्रमुख और ऐतिहासिक धार्मिक केंद्र है, जिसकी जड़ें 18वीं सदी से जुड़ी हैं। दरबार के संस्थापक संत शदूराम साहिब द्वारा शुरू की गई यह परंपरा विभाजन के बाद भारत आई, जिसके तहत रायपुर के धमतरी रोड पर करीब 12 एकड़ क्षेत्र में भव्य शदाणी दरबार तीर्थ विकसित किया गया। वर्तमान में संत डॉ. युधिष्ठिर लाल इसके नौवें पीठाधीश्वर हैं।

कल जगदलपुर के मुरिया दरबार में होंगी शामिल

अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर जाएंगी, जहां वे पारंपरिक 'मुरिया दरबार' में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के इस पूरे दो दिवसीय दौरे को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 2,000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019