Dantewada Bus Accident: तड़के अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 12 घायल, जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

Dantewada Bus Accident : दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास महेंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब यात्रियों से भरी बस अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग भी मदद के लिए जुट गए।
सूचना मिलते ही भांसी क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों के जवान घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों का इलाज दंतेवाड़ा जिला अस्पताल, जबकि अन्य का बचेली अस्पताल में किया जा रहा है। अधिकांश यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक से पूछताछ के साथ बस की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।


