Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

Chhattisgarh News: सितंबर में राशन कार्डधारकों को मिलेगा 2 महीने का चावल, PDS व्यवस्था में बड़ा बदलाव

सितंबर 2026 में APL कार्डधारकों को छोड़कर अन्य सभी पात्र राशन कार्डधारकों को सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल एक साथ उपलब्ध कराया जाएगा।

Chhattisgarh News: सितंबर में राशन कार्डधारकों को मिलेगा 2 महीने का चावल, PDS व्यवस्था में बड़ा बदलाव
X

रायपुर। छत्तीसगढ़ में PDS राशन वितरण व्यवस्था को लेकर सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। सितंबर 2026 में APL कार्डधारकों को छोड़कर अन्य सभी पात्र राशन कार्डधारकों को सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल एक साथ उपलब्ध कराया जाएगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी जिलों में जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

सितंबर में ही मिलेगा दो महीने का राशन

विभाग के आदेश के मुताबिक, सितंबर महीने में पात्र हितग्राहियों को दो माह का PDS चावल एक साथ दिया जाएगा। इसके लिए उचित मूल्य की दुकानों पर पहले से सितंबर और अक्टूबर के लिए निर्धारित मात्रा के अनुसार चावल का भंडारण कराने को कहा गया है। इस व्यवस्था से लाभार्थियों को अगले महीने का राशन लेने के लिए अलग से इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, APL श्रेणी के राशन कार्डधारक इस व्यवस्था का हिस्सा नहीं होंगे।

राशन दुकानों पर चस्पा होगी जानकारी

सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी उचित मूल्य की दुकानों पर इस बदलाव की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। इससे कार्डधारकों को पहले से पता रहेगा कि सितंबर में उन्हें दो महीने का चावल एक साथ मिलेगा। जिला कलेक्टरों और छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक को समय रहते दुकानों तक आवश्यक स्टॉक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।

PDS दुकानदारों का कमीशन भी बढ़ा

PDS व्यवस्था में सिर्फ राशन वितरण को लेकर ही बदलाव नहीं हुआ है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत राशन दुकानदारों को मिलने वाले मार्जिन में भी बढ़ोतरी की गई है। अब प्रति क्विंटल चावल वितरण पर दुकानदारों को ₹100 मिलेंगे, जबकि पहले यह राशि ₹90 प्रति क्विंटल थी। यानी प्रति क्विंटल ₹10 की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा ई-पॉस मशीन के जरिए वितरण पर मिलने वाली अतिरिक्त मार्जिन राशि को भी ₹10 से बढ़ाकर ₹11 प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

बढ़े कमीशन से PDS विक्रेता संघ संतुष्ट नहीं

मार्जिन बढ़ाए जाने के बावजूद PDS दुकानदारों का एक वर्ग इससे संतुष्ट नहीं है। विक्रेता संघ की ओर से अधिक बढ़ोतरी की मांग की गई है। संघ का कहना है कि मौजूदा लागत और संचालन खर्च को देखते हुए प्रति क्विंटल ₹10 की अतिरिक्त राशि पर्याप्त नहीं है। विक्रेताओं ने कमीशन में कम से कम ₹60 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी और ई-पॉस आधारित अतिरिक्त मार्जिन को ₹15 से ₹20 तक करने की मांग रखी है। संघ ने यह भी दावा किया है कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों से मार्जिन भुगतान को लेकर लंबित मामले हैं, जिससे दुकान संचालकों पर आर्थिक दबाव बना हुआ है।

सितंबर में राशन लेने से पहले जरूर जान लें ये बदलाव

सितंबर में राशन लेने वाले हितग्राहियों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि APL को छोड़कर अन्य पात्र राशन कार्डधारकों को दो महीने का चावल एक साथ मिलेगा। इसके लिए राशन दुकानों में अतिरिक्त स्टॉक पहले से उपलब्ध कराया जाएगा और सूचना भी दुकान पर प्रदर्शित की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019