Chhattisgarh High Court News: जस्टिस मोहपात्रा होंगे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नए चीफ जस्टिस, जानिए कौन हैं जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा
Chhattisgarh High Court News: बिलासपुर। ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्णा राम मोहपात्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस होंगे।

Chhattisgarh High Court News: बिलासपुर। ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्णा राम मोहपात्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस होंगे। वे चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा की जगह लेंगे। वहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने दोनों की नियुक्ति की अनुशंसा की है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा 4 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। वहीं, कॉलेजियम ने जस्टिस संजय के. अग्रवाल के साथ ही गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कागजी को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की है।
जानिए कौन हैं जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि भी न्यायिक रही है। उनके पिता सरत चंद्र मोहपात्रा जज रह चुके हैं। जस्टिस मोहपात्रा ने बीए और एलएलबी की शिक्षा हासिल की है।
उन्होंने 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। वकालत के दौरान उन्होंने कानून की कई शाखाओं में काम किया। सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक मामलों समेत अलग-अलग क्षेत्रों में उन्हें करीब 26 साल का अनुभव रहा है।
कई कानूनी क्षेत्रों का है अनुभव
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को अभिभावक और आश्रित अधिनियम, हिंदू अल्पसंख्यक-संरक्षकता अधिनियम, हिंदू दत्तक ग्रहण, भरण-पोषण अधिनियम और किशोर न्याय (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम से जुड़े मामलों का भी अनुभव रहा है।
उन्होंने ओडिशा सरकार के साथ-साथ ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा, वे अलग-अलग सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों से जुड़े मामलों में अधिवक्ता के रूप में पैरवी कर चुके हैं।


