Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़ में 20 Critical Mineral Blocks की नीलामी, 31 अगस्त को बड़ा रोड शो; जानिए क्या है खास

छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त को Critical और Strategic Mineral Blocks की नीलामी को लेकर बड़ा रोड शो होगा। 20 खनिज ब्लॉक्स और निवेश के अवसरों पर होगी चर्चा।

छत्तीसगढ़ में 20 Critical Mineral Blocks की नीलामी, 31 अगस्त को बड़ा रोड शो; जानिए क्या है खास
X

Chhattisgarh Critical Mineral Auction: रायपुर। छत्तीसगढ़ में क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स के क्षेत्र में निवेश के बड़े अवसर सामने आने वाले हैं। नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में 31 अगस्त को क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर रोड शो आयोजित होगा। केंद्र सरकार की इस पहल में 20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए रखा गया है, जिससे छत्तीसगढ़ में खनन और निवेश की संभावनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

20 खनिज ब्लॉक्स की होगी नीलामी

केंद्र सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त में कुल 20 ब्लॉक्स शामिल किए हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं।

इन खनिजों की उपलब्धता बढ़ाना भारत की खनिज सुरक्षा के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा, रक्षा और आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री समेत कई बड़े अधिकारी होंगे शामिल

31 अगस्त को होने वाले रोड शो में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कोयला एवं खान मंत्रालय के राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सीएमडीसी अध्यक्ष सौरभ सिंह समेत केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

खनन क्षेत्र के विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नीलामी प्रक्रिया, खनिज ब्लॉक्स की संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी।

टिन पोर्टल और ई-रेत संगवारी का होगा शुभारंभ

रोड शो के दौरान भूविज्ञान एवं खनन विभाग की ओर से खनिज क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इसी दौरान टिन पोर्टल और ई-रेत संगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा।

इसके अलावा कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पीटीआरएसयू के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। वहीं तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

नीलामी से लेकर निवेश तक, तकनीकी सत्र में होगी चर्चा

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र होगा। इसमें एमईसीएल द्वारा ट्रेंच-VIII के तहत नीलामी के लिए रखे गए खनिज ब्लॉक्स की जानकारी दी जाएगी। एसबीआई कैप्स मिनरल ऑक्शन प्रोसेस और टेंडर डॉक्यूमेंट पर प्रस्तुतीकरण देगा, जबकि एमएसटीसी की ओर से मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से जुड़ी एनएमईडीटी योजना पर भी चर्चा होगी।

नीलाम ब्लॉक्स के संचालन की भी होगी समीक्षा

रोड शो के बाद नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और उनकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।

इस आयोजन का उद्देश्य क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स के अन्वेषण, नीलामी और खनन को गति देना तथा सरकार और उद्योग के बीच समन्वय को मजबूत करना है। इससे छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में नए निवेश और निजी भागीदारी के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019