Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ब्रेकिंग न्यूज़

CG Wildlife Crime : मृत भालू के नाखून काटकर ले गए आरोपी, डॉग स्क्वॉड की मदद से दो गिरफ्तार

GPM के मरवाही वन क्षेत्र में मृत भालू के चार नाखून गायब मिले, डॉग स्क्वॉड की मदद से सुदर्शन यादव और सूरज साहिस पकड़े गए; कब्जे से नाखून बरामद.

CG Wildlife Crime : मृत भालू के नाखून काटकर ले गए आरोपी, डॉग स्क्वॉड की मदद से दो गिरफ्तार
X

CG Wildlife Crime : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही वन क्षेत्र में मृत भालू के अंगों से छेड़छाड़ कर नाखून काटकर ले जाने का मामला सामने आया है। वन विभाग ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भालू के चार नाखून बरामद किए गए हैं।

मृत भालू के चार नाखून मिले गायब

वन विभाग को 3 सितंबर को मरवाही वृत्त के उसाढ़ परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 2035 में एक भालू के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो जांच के दौरान पता चला कि भालू के पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान टीम को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर दो संदिग्धों को पकड़ा गया।

चार नाखून बरामद, दोनों आरोपी गिरफ्तार

वन विभाग के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदर्शन यादव (54) और सूरज साहिस (20) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम बरौर के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मृत भालू के चार नाखून बरामद किए गए, जिन्हें वन विभाग ने जब्त कर लिया। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पोस्टमार्टम में संक्रमण से मौत की बात सामने आई

वन विभाग की कार्रवाई और सर्च प्रक्रिया पूरी होने के बाद पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में भालू का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में चिकित्सकों ने भालू की मौत का कारण तीव्र फेफड़ों का संक्रमण बताया है। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की मौजूदगी में मृत भालू का नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान वनमंडलाधिकारी मरवाही कुमार निशांत समेत विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019